धनबाद के लोयाबाद में फिर भू-धंसान: गैस रिसाव से दहशत

Rupa Kumari | May 6, 2026 | 02:47 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : धनबाद के लोयाबाद क्षेत्र में एक बार फिर जमीन धंसने की घटना सामने आई है। कनकनी हनुमान बाजार के पास बंद पड़े हिलटाप आउटसोर्सिंग कंपनी कार्यालय के समीप अचानक तेज आवाज के साथ जमीन धंस गई, जिसके बाद जहरीली गैस के रिसाव की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया।

20-25 फीट का बना गोफ

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जमीन धंसने के बाद करीब 20 से 25 फीट के दायरे में बड़ा गड्ढा (गोफ) बन गया। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास के लोग घबरा गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही कोलियरी प्रबंधन मौके पर पहुंचा और प्रभावित इलाके को मिट्टी से भरने का काम शुरू किया। हालांकि गैस रिसाव की आशंका को लेकर स्थानीय लोगों में अब भी डर बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले 2-3 दिनों से जमीन धीरे-धीरे धंस रही थी, लेकिन इस पर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया। लोगों का आरोप है कि अगर पहले कार्रवाई होती, तो इस घटना को रोका जा सकता था।

यह भी पढ़ें: धनसार में घर में घुसकर नाबालिग से दुष्कर्म, आरोपी फरार

श्रमिक कॉलोनियों पर मंडराता खतरा

जिस जगह जमीन धंसी है, उसके पास ही श्रमिक कॉलोनियां स्थित हैं। ऐसे में वहां रहने वाले लोगों के बीच डर का माहौल है।
यह इलाका पहले से ही भू-धंसान और आग प्रभावित क्षेत्र माना जाता है, जिससे खतरा और बढ़ गया है।

Share this news

संबंधित खबरें