Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : रणधीर वर्मा स्टेडियम यानी गोल्फ ग्राउंड में दुर्गा पूजा के दौरान प्रस्तावित डिजनीलैंड मेले के विरोध में मंगलवार को बच्चों और युवा खिलाड़ियों ने प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने मैदान को खेल गतिविधियों के लिए सुरक्षित रखने की मांग करते हुए गोल्फ ग्राउंड से रणधीर वर्मा चौक तक पैदल मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों ने हाथों में ‘गोल्फ ग्राउंड बचाओ’, ‘खेल आगे बढ़ाओ’ और ‘मेला मुक्त मैदान’ जैसी तख्तियां लेकर अपनी मांग रखी। उनका कहना है कि गोल्फ ग्राउंड धनबाद का प्रमुख खेल मैदान है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे और युवा क्रिकेट, फुटबॉल व एथलेटिक्स का अभ्यास करते हैं।
मेले के कारण करीब दो महीने प्रभावित होता है अभ्यास
खिलाड़ियों के अनुसार, दुर्गा पूजा के दौरान लगने वाले डिजनीलैंड मेले के लिए मैदान का बड़ा हिस्सा लंबे समय तक घेर लिया जाता है। उनका दावा है कि इससे करीब दो महीने तक नियमित खेल अभ्यास प्रभावित रहता है। उन्होंने बताया कि मेला समाप्त होने के बाद झूले और दुकानें हटाए जाने के बावजूद मैदान में गड्ढे और अन्य नुकसान रह जाते हैं। इससे खिलाड़ियों को दोबारा अभ्यास शुरू करने में परेशानी होती है।
पहले भी प्रशासन को सौंपे गए हैं आवेदन
खेलप्रेमियों का कहना है कि गोल्फ ग्राउंड को केवल खेल गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किए जाने की मांग को लेकर वे पहले भी जिला प्रशासन, नगर निगम और जनप्रतिनिधियों को लिखित आवेदन दे चुके हैं। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि पूर्व में धनबाद विधायक राज सिन्हा, डुमरी विधायक जयराम महतो, जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह और पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी मैदान में मेला लगाए जाने का विरोध किया था। इसके बावजूद इस वर्ष फिर से दुर्गा पूजा के दौरान डिजनीलैंड मेले के लिए दो आवेदकों को स्वीकृति मिलने की जानकारी सामने आने के बाद खिलाड़ियों में नाराजगी है।
फैसले पर पुनर्विचार की मांग
प्रदर्शन कर रहे खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों ने जिला प्रशासन से मेले को लेकर अपने निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की। उनका कहना है कि शहर में खेल गतिविधियों के लिए सीमित मैदान हैं, इसलिए गोल्फ ग्राउंड को खेलों के लिए सुरक्षित रखा जाना चाहिए।उन्होंने कहा कि मांग पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे चरणबद्ध और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन आगे बढ़ाएंगे।






















