Samachar Post रिपोर्टर, रांची : भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक जिम्मेदारियों के लिए नए प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए हैं। पार्टी ने विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया है। उनके साथ काम करने के लिए चार सह-प्रभारियों की नियुक्ति की गई है, जिनमें झारखंड से राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा और पूर्व विधायक अनंत ओझा शामिल हैं। इनके अलावा जगदीश पटेल और मेधा कुलकर्णी को भी यूपी का सह-प्रभारी बनाया गया है।
झारखंड के दोनों नेताओं को संगठन का लंबा अनुभव
डॉ. प्रदीप वर्मा भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के संगठनात्मक दायित्वों से जुड़े रहे हैं। वहीं अनंत ओझा राजमहल विधानसभा सीट से दो बार विधायक रह चुके हैं। उन्होंने छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के माध्यम से राजनीति में प्रवेश किया था। ओझा को इससे पहले बिहार और पश्चिम बंगाल में भी पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों की जिम्मेदारी दी जा चुकी है।
2027 विधानसभा चुनाव से पहले यूपी में बढ़ी संगठनात्मक सक्रियता
उत्तर प्रदेश में 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। इससे पहले भाजपा ने राज्य में अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रभारी और सह-प्रभारियों की नई टीम बनाई है। नए प्रभारी विनोद तावड़े के नेतृत्व में पार्टी की गतिविधियां अब और तेज होने की संभावना है। भाजपा की ओर से जारी नई सूची में कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रभारी और सह-प्रभारियों की नियुक्तियां की गई हैं। इस बदलाव के तहत झारखंड के दो नेताओं को भी उत्तर प्रदेश में महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारी मिली है।



















