- भाजपा संगठन में बड़ा फेरबदल, 31 राज्यों के प्रदेश प्रभारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव
Samachar Post रिपोर्टर, रांची : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय नेतृत्व ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए विभिन्न राज्यों के प्रदेश प्रभारियों और सह प्रभारियों की नई नियुक्तियों की घोषणा की है। इस फेरबदल में झारखंड भी शामिल है। भाजपा आलाकमान ने गजेंद्र पटेल को झारखंड भाजपा का नया प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह को प्रदेश सह प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
लक्ष्मीकांत वाजपेयी की जगह मिली जिम्मेदारी
अब तक लक्ष्मीकांत वाजपेयी झारखंड भाजपा के प्रदेश प्रभारी के रूप में कार्य कर रहे थे। नए संगठनात्मक बदलाव के तहत उनकी जगह गजेंद्र पटेल को यह जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा द्वारा देशभर के 31 राज्यों में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारियों की नियुक्तियों में बदलाव किया गया है। माना जा रहा है कि नई टीम राज्य संगठन और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों के समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
संगठन विस्तार और समन्वय पर रहेगा फोकस
प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारियों की भूमिका संगठनात्मक गतिविधियों की निगरानी, केंद्रीय नेतृत्व और राज्य इकाई के बीच समन्वय स्थापित करने तथा पार्टी कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण मानी जाती है। नए दायित्वों के साथ झारखंड भाजपा में संगठनात्मक गतिविधियों को और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

















