धनबाद में ED की बड़ी रेड: अवैध कोयला कारोबार से जुड़े 25 ठिकानों पर छापेमारी, कई कारोबारी जांच के दायरे में

Meenu | July 28, 2026 | 12:28 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद : झारखंड के धनबाद में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार सुबह अवैध कोयला खनन और उससे जुड़े कथित काले कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की। ईडी ने जिले के 25 अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की, जिसके लिए एजेंसी की 25 टीमों को तैनात किया गया है। कार्रवाई से कोयला कारोबार से जुड़े क्षेत्रों में हड़कंप मच गया है। ईडी की कार्रवाई जिन लोगों के परिसरों पर चल रही है, उनमें कोयला कारोबारी एलबी सिंह, अनिल गोयल, गणेश यादव, पप्पू मंडल, अनूप चौहान, हरेंद्र चौहान, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रोहित यादव और उनके सहयोगियों के नाम शामिल हैं। सभी स्थानों पर दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की गहन जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें : गिरिडीह में हाथियों के साथ सेल्फी लेना पड़ा भारी, झुंड के हमले में व्यक्ति की मौत

अवैध कोयला नेटवर्क की जांच तेज

प्रवर्तन निदेशालय के अनुसार यह कार्रवाई अवैध कोयला खनन, परिवहन और भंडारण से जुड़े कथित नेटवर्क की जांच का हिस्सा है। एजेंसी ने इस मामले में चार अलग-अलग प्रवर्तन मामला सूचना रिपोर्ट (ECIR) दर्ज कर जांच शुरू की है। जांच का फोकस अवैध कोयला कारोबार से अर्जित कथित संपत्तियों और वित्तीय लेनदेन की पड़ताल पर है।

दस्तावेज और वित्तीय रिकॉर्ड खंगाल रही ED

छापेमारी के दौरान ईडी की टीमें दस्तावेज, बैंकिंग और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की जांच कर रही हैं। सभी ठिकानों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि कार्रवाई बिना किसी बाधा के पूरी की जा सके। एजेंसी पूरे नेटवर्क की कार्यप्रणाली और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

जांच पर रहेगी नजर

फिलहाल ईडी की कार्रवाई जारी है। जांच पूरी होने के बाद बरामद दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर एजेंसी आगे की कानूनी कार्रवाई कर सकती है।

Share this news

संबंधित खबरें