Samachar Post रिपोर्टर, बोकारो : जारंगडीह-कथारा मुख्य मार्ग पर गायत्री कॉलोनी के पास सोमवार देर रात सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि अंधेरे में सड़क किनारे बिना इंडिकेटर या सांकेतिक लाइट के खड़े हाइवा में तेज रफ्तार स्कूटी पीछे से जा टकराई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हाइवा से टकराने के बाद स्कूटी क्षतिग्रस्त
घटना सोमवार रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों सवार सड़क पर गिर पड़े। घायलों की पहचान 17 वर्षीय प्रीत सिंह उर्फ धर्मप्रीत सिंह और विशाल रजवार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, प्रीत अपने दोस्त विशाल को उसके घर छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान गायत्री कॉलोनी के पास यह हादसा हो गया।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया DVC अस्पताल
हादसे के बाद हाइवा चालक कथित तौर पर वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को सड़क से उठाया और एंबुलेंस की मदद से तत्काल DVC अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों को प्राथमिक उपचार दिया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए बोकारो रेफर कर दिया गया।
फरार हाइवा चालक की तलाश में पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस फरार हाइवा चालक और वाहन के बारे में जानकारी जुटा रही है। वहीं, स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे भारी वाहनों के बेतरतीब तरीके से खड़े रहने पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि रात के समय बिना पर्याप्त रोशनी या संकेतक के खड़े भारी वाहनों से दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।






















