Samachar Post रिपोर्टर, बोकारो : वेदांता समूह की कंपनी ESL स्टील लिमिटेड के बोकारो स्थित प्लांट में रविवार को गैस की चपेट में आने से दो श्रमिकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान गोमिया के तिलैया निवासी सोहन महतो और धनबाद के डिगवाडीह निवासी समीर अंसारी के रूप में हुई है। घटना के बाद प्लांट परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गैस के संपर्क में आने के बाद दोनों श्रमिकों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। कंपनी के मुताबिक, मृतकों में एक उसका कर्मचारी था, जबकि दूसरा बिजनेस पार्टनर के यहां कार्यरत था। हालांकि, घटना के कारणों और गैस के प्रकार को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
कंपनी ने जताया शोक, स्वतंत्र जांच का भरोसा
हादसे के बाद ESL स्टील लिमिटेड ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। कंपनी ने दोनों परिवारों को हर संभव सहायता और सहयोग देने का भरोसा दिया है। कंपनी ने यह भी कहा है कि घटना की स्वतंत्र जांच कराई जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और निष्कर्षों के आधार पर उचित कदम उठाए जाएंगे। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक थी या नहीं, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।





















