Samachar Post रिपोर्टर, बोकारो : चास थाना क्षेत्र के चेक पोस्ट के पास बीती रात कुछ असामाजिक तत्वों ने जमकर उपद्रव किया। कन्हैया भोजनालय समेत आसपास की दुकानों और वहां खड़े कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई। सड़क किनारे खड़े ठेले को भी पलटकर क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना में करीब डेढ़ लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
बताया गया कि उपद्रवियों ने कन्हैया भोजनालय के कई सामानों को तोड़ दिया। इसके अलावा आसपास खड़ी चारपहिया और तीनपहिया वाहनों के शीशे तोड़ने के साथ उनकी बॉडी को भी नुकसान पहुंचाया गया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। होटल संचालक राजीव कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, घटना देर रात हुई। सुबह जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही चास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामले में चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस नुकसान का आकलन करने के साथ घटना के पीछे के कारणों की भी पड़ताल कर रही है।




















