Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सालडीह स्थित खरकई नदी घाट पर शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब स्थानीय लोगों ने नदी में एक युवक का शव तैरता हुआ देखा। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी आदित्यपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
धनबाद का रहने वाला था युवक
मृतक की पहचान धनबाद निवासी सुमित कुमार मंडल के रूप में हुई है। बताया गया कि सुमित आदित्यपुर-2 के रोड नंबर 24 में एक दोस्त के साथ किराए के मकान में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। परिजनों और परिचितों के अनुसार, सुमित गुरुवार से अचानक लापता हो गया था। इसके बाद उसकी तलाश की जा रही थी। शुक्रवार सुबह खरकई नदी में उसका शव मिलने की जानकारी सामने आई।
मौत की परिस्थितियों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक की मौत कैसे हुई और उसका शव नदी तक किन परिस्थितियों में पहुंचा। आदित्यपुर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।



















