अमरावती के महिला अस्पताल में आग, तीन नवजात शिशुओं की मौत

Rupa Kumari | August 24, 2026 | 10:49 AM IST

Samachar Post डेस्क, रांची : महाराष्ट्र के अमरावती जिले के जिला महिला अस्पताल में सोमवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (NICU) में अचानक आग लगने से तीन नवजात शिशुओं की मौत हो गई। हादसे के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।

वेंटिलेटर में विस्फोट के बाद लगी आग

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 3:30 बजे NICU में एक वेंटिलेटर में अचानक विस्फोट हुआ, जिसके बाद आग फैल गई। जिस समय घटना हुई, उस समय NICU में 39 नवजात बच्चे भर्ती थे। अचानक आग लगने से अस्पताल में हड़कंप मच गया। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों, नर्सों और अन्य कर्मचारियों ने तुरंत राहत-बचाव का काम शुरू किया।

डॉक्टरों और कर्मचारियों ने बच्चों को सुरक्षित निकाला

अस्पताल कर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए कई नवजातों को वेंटिलेटर से बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। घटना के बाद छह बच्चों को सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि आग की चपेट में आने से तीन नवजातों को बचाया नहीं जा सका। उनकी मौत की सूचना से परिजनों में मातम छा गया।

यह भी पढ़ें : अमरूद तोड़ने पेड़ पर चढ़ी पारा शिक्षिका, पैर फिसलने से गिरकर मौत

हादसे के कारणों की जांच शुरू

घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जानकारी में वेंटिलेटर में विस्फोट को आग की वजह बताया जा रहा है, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही होगी। अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था और आग से निपटने के इंतजामों को लेकर भी जांच की जा रही है। अधिकारियों ने घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल शुरू कर दी है।

Share this news

संबंधित खबरें