Samachar Post डेस्क, रांची : केरल की 19 वर्षीय कैजिया लिज मेजो ने Miss Universe India 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। जयपुर में 23 अगस्त को आयोजित प्रतियोगिता के तीसरे संस्करण के ग्रैंड फिनाले में उन्होंने देशभर से पहुंचीं 52 प्रतिभागियों के बीच बाजी मारी। फाइनल में कैजिया और तमिलनाडु की वैष्णवी गणेश के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। 40 सेकेंड के क्लोजिंग रिमार्क चैलेंज में कैजिया के आत्मविश्वास और जवाब ने उन्हें विजेता बनाया। पूर्व विजेता मनिका विश्वकर्मा ने उन्हें ताज पहनाया। अब कैजिया नवंबर 2026 में प्यूर्टो रिको में होने वाली Miss Universe 2026 प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के टॉप-5 में कैजिया लिज मेजो के अलावा तमिलनाडु की वैष्णवी गणेश, महाराष्ट्र की तेजस्विनी श्रीवास्तव, गुजरात की अनुश्री सतवालेकर और उत्तराखंड की अनुभा वशिष्ठ शामिल रहीं।
- विजेता: कैजिया लिज मेजो, केरल
- फर्स्ट रनर-अप: वैष्णवी गणेश, तमिलनाडु
- सेकंड रनर-अप: अनुश्री सतवालेकर, गुजरात
- थर्ड रनर-अप: तेजस्विनी श्रीवास्तव, महाराष्ट्र
- फोर्थ रनर-अप: अनुभा वशिष्ठ, उत्तराखंड
सुष्मिता सेन और उर्वशी रौतेला समेत कई दिग्गज बने जज
जयपुर में आयोजित प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में सुष्मिता सेन, उर्वशी रौतेला और सेलिना जेटली जैसी फिल्मी हस्तियां शामिल थीं। फिल्ममेकर प्रज्ञा कपूर समेत अन्य विशेषज्ञों ने भी प्रतियोगियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया।
यह भी पढ़ें : हजारीबाग में जनजातीय गौरव उत्सव का आज समापन, राज्यपाल होंगे मुख्य अतिथि

कौन हैं कैजिया लिज मेजो?
कैजिया लिज मेजो 19 साल की लॉ स्टूडेंट हैं। वह मॉडल होने के साथ प्रशिक्षित शास्त्रीय नृत्यांगना भी हैं। इससे पहले उन्होंने Miss Universe Kerala 2026 का खिताब जीता था। अब राष्ट्रीय खिताब जीतने के बाद वह अंतरराष्ट्रीय मिस यूनिवर्स मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
झारखंड की दो बेटियों ने भी टॉप-11 में बनाई जगह
इस प्रतियोगिता में झारखंड की दीपाली रिया और रिया तिर्की ने भी अपनी पहचान बनाई। दोनों ने टॉप-11 में जगह बनाई। प्रतियोगिता की आधिकारिक प्रतिभागी सूची में दोनों झारखंड का प्रतिनिधित्व कर रही थीं और अंतिम टॉप-11 में भी उनका नाम शामिल रहा। रिया तिर्की ने 2025 में मिस यूनिवर्स झारखंड का खिताब जीता था और इस बार वाइल्ड कार्ड एंट्री के जरिए प्रतियोगिता में शामिल हुईं। झारखंड की दोनों प्रतिभागियों के टॉप-11 में पहुंचने से राज्य के सौंदर्य और प्रतिभा मंच पर भी चर्चा बढ़ी है।

Reporter | Samachar Post

