Samachar Post रिपोर्टर, साहिबगंज : झारखंड के साहिबगंज जिले के राजमहल थाना क्षेत्र के हसन टोला में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में 22 वर्षीय फहीम शेख गंभीर रूप से घायल हो गए। विवाद के दौरान चाकू लगने से घायल युवक को परिजन राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
जमीन को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, हसन टोला में जमीन को लेकर फहीम शेख और उनके परिवार के सदस्यों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। इसी दौरान चाकू लगने से फहीम गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। युवक की हालत गंभीर देख परिजनों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
घटना की सूचना राजमहल थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। विवाद के वास्तविक कारणों और घटना में शामिल लोगों की भूमिका के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई का इंतजार है।






















