Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : शहर के मरीन ड्राइव स्थित यू-टर्न होटल के पास बुधवार देर रात होटल स्टाफ और कुछ युवकों के बीच विवाद के बाद मारपीट हो गई। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
सिगरेट खरीदने पहुंचे थे युवक
जानकारी के अनुसार, कीताडीह के कुछ युवक रात करीब 11:30 बजे होटल में सिगरेट खरीदने पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर युवकों और होटल कर्मियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। होटल स्टाफ का आरोप है कि युवकों ने गाली-गलौज की, जिसका विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
स्थानीय लोगों ने कराया बीच-बचाव
हंगामे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। इस दौरान होटल स्टाफ और स्थानीय लोगों ने मिलकर युवकों को वहां से हटाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक युवक को मौके पर पकड़ लिया गया, जबकि उसके साथ आए अन्य युवक वाहन से वहां से निकल गए।
पुलिस ने युवक को थाने ले जाकर शुरू की पूछताछ
घटना की जानकारी मिलने के बाद टाइगर मोबाइल और पेट्रोलिंग पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पकड़े गए युवक को अपने साथ थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से किसी लिखित शिकायत की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।




















