Samachar Post रिपोर्टर, गढ़वा : झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कांग्रेस का विरोध तेज हो गया है। गढ़वा जिला कांग्रेस कमेटी ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रतिवाद मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और ‘वोट चोरी’ के आरोप लगाते हुए जिला समाहरणालय के समक्ष दोनों का संयुक्त पुतला दहन किया।
सर्किट हाउस से समाहरणालय तक निकला मार्च
कांग्रेस कार्यकर्ता सर्किट हाउस से जुलूस की शक्ल में जिला समाहरणालय पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए SIR प्रक्रिया को लेकर विरोध दर्ज कराया। समाहरणालय पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त की तस्वीर वाले संयुक्त पुतले का दहन किया गया।
कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया पर उठाए सवाल
गढ़वा जिला प्रभारी सह प्रदेश महासचिव सुरजीत नगवाला ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया के जरिए कथित तौर पर मतदाताओं के अधिकारों को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इसी मुद्दे को लेकर राज्य और देशभर में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन चला रही है।
राहुल गांधी के अभियान का किया जिक्र
सुरजीत नगवाला ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को सदन में उठा रहे हैं, जबकि कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर विरोध दर्ज करा रहे हैं। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।


















