हजारीबाग में भीषण सड़क हादसा, मजदूरों से भरी पिकअप को हाइवा ने मारी टक्कर; कई घायल

Samachar Post रिपोर्टर, हजारीबाग : बड़कागांव थाना क्षेत्र के 13 माइल के पास सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में कई मजदूर घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छरी (स्टोन चिप्स) लदे एक हाइवा ने मजदूरों से भरी पिकअप वैन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप अनियंत्रित होकर सामने से आ रही एक कंपनी की कैंपर वाहन से भी जा भिड़ी।

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पिकअप में सवार कई मजदूर घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और घायलों को इलाज के लिए बड़कागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। बताया जा रहा है कि कुछ घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर किया गया है। वहीं, अन्य घायलों का उपचार बड़कागांव सीएचसी में जारी है।

सीआईएसएफ और पुलिस ने चलाया राहत अभियान

घटना की सूचना मिलते ही सीआईएसएफ के जवान और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गए। दोनों एजेंसियों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य चलाया। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ-साथ दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल करने की कोशिश की गई।

यह भी पढ़ें : गिरिडीह पहुंचे आदित्य साहू, दिवंगत विधायक सुदिव्य कुमार सोनू को दी श्रद्धांजलि

दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही थी या नहीं, इसकी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

संबंधित खबरें