Samachar Post रिपोर्टर,चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के कराईकेला क्षेत्र में कैंसर अस्पताल बनाने की मांग उठी है। कराईकेला थाना क्षेत्र के ईचाहातु गांव निवासी रूपनारायण लोहरा ने राष्ट्रपति, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री, झारखंड के मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से क्षेत्र में कैंसर अस्पताल की स्थापना के लिए पहल करने की अपील की है। उनका कहना है कि अस्पताल बनने से कराईकेला और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के कैंसर मरीजों को इलाज के लिए दूर शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
यह भी पढ़ें : लोहरदगा में दोस्त को डूबने से बचाया, लेकिन खुद नदी में डूबकर गंवाई जान
2020 से कैंसर से जूझ रहे हैं रूपनारायण
रूपनारायण लोहरा ने बताया कि वह वर्ष 2020 से कैंसर की बीमारी से पीड़ित हैं। शुरुआत में उन्हें चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेजा गया था। जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें आगे के इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में रेफर किया। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के तहत जमशेदपुर के अस्पताल में भी इलाज कराया। उनका कहना है कि इस योजना से इलाज में काफी मदद मिली।
दूर शहरों में इलाज कराना गरीब मरीजों के लिए मुश्किल
रूपनारायण के मुताबिक, कराईकेला और आसपास के ग्रामीण इलाकों में कैंसर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर समेत दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है। बार-बार अस्पताल जाना, जांच कराना और इलाज का खर्च उठाना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी चुनौती है। ऐसे में क्षेत्र में कैंसर अस्पताल बनने से मरीजों को अपने आसपास ही जांच और उपचार की सुविधा मिल सकेगी।

अस्पताल में इलाज के साथ रहने-खाने की सुविधा की मांग
रूपनारायण लोहरा ने कहा कि प्रस्तावित अस्पताल में कैंसर मरीजों के इलाज के साथ उनके रहने और खाने की व्यवस्था भी होनी चाहिए। इससे दूर-दराज के गांवों से आने वाले गरीब मरीजों और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से क्षेत्र में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के इलाज के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करने की मांग की है।
समय पर इलाज से मरीजों को मिलेगी राहत
रूपनारायण का कहना है कि कैंसर मरीजों के लिए समय पर बीमारी की पहचान और उपचार बेहद जरूरी है। कराईकेला क्षेत्र में अस्पताल बनने से पश्चिमी सिंहभूम के ग्रामीण इलाकों के मरीजों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधा मिल सकेगी और इलाज के लिए दूसरे शहरों पर निर्भरता कम हो सकती है। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीब परिवारों को मिल रही इलाज की सुविधा की भी सराहना की और सरकार से ग्रामीण क्षेत्रों में कैंसर उपचार की व्यवस्था मजबूत करने की अपील की।

Reporter | Samachar Post


