चतरा में मवेशियों से लदा पिकअप वाहन पलटा, 15 पशुओं की मौत, चालक-उपचालक फरार

Rupa Kumari | August 29, 2026 | 01:02 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, चतरा : झारखंड के चतरा जिले में शनिवार तड़के एक पिकअप वाहन के पलट जाने से 15 मवेशियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसा मयूरहंड थाना क्षेत्र में चतरा-हजारीबाग मुख्य मार्ग पर पंचमो जंगल के समीप हुआ।

क्षमता से अधिक मवेशी लादे जाने की आशंका

स्थानीय लोगों के अनुसार, पिकअप वाहन में क्षमता से अधिक संख्या में मवेशियों को भरकर ले जाया जा रहा था। सुबह करीब चार बजे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना के बाद वाहन में फंसे कई मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद चालक और उपचालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और वाहन में फंसे मवेशियों को बाहर निकालने का प्रयास किया।

यह भी पढ़ें : हजारीबाग में अप्रैल से स्कूलों को नहीं मिली MDM की राशि, 1330 विद्यालयों में मध्याह्न भोजन पर संकट

पुलिस ने वाहन जब्त किया

सूचना मिलने पर मयूरहंड थाना प्रभारी राहुल दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक और संबंधित लोगों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मवेशियों को कहां से और कहां ले जाया जा रहा था। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और फरार चालक व उपचालक की तलाश जारी है।

Share this news

संबंधित खबरें