Samachar Post रिपोर्टर, रांची : हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (HEC) लिमिटेड के पुनरुद्धार को लेकर गठित केंद्रीय संसदीय उप-समिति के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में सीएम से मुलाकात कर एचईसी की मौजूदा स्थिति और उसके पुनरुद्धार की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की। बैठक के दौरान एचईसी को दोबारा पटरी पर लाने के लिए आगे की कार्ययोजना और जरूरी कदमों पर भी विचार-विमर्श हुआ। संसदीय समिति एचईसी की स्थिति का अध्ययन करने के लिए रांची पहुंची है।
छह सदस्यीय समिति कर रही एचईसी का अध्ययन
एचईसी के पुनरुद्धार के लिए गठित छह सदस्यीय केंद्रीय संसदीय उप-समिति की अगुवाई राज्यसभा सांसद तिरुची शिवा कर रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल में सांसद विजय हांसदा, राज्यसभा सांसद सुलता देव, सांसद कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी, सांसद हंसमुखभाई सोमाभाई पटेल और सांसद चंदन चौहान भी शामिल रहे। समिति ने एचईसी की वर्तमान स्थिति, संस्थान के सामने मौजूद चुनौतियों और उसके पुनरुद्धार के लिए संभावित उपायों का जायजा लिया है।
यह भी पढ़ें : मच्छर भगाने वाली अगरबत्ती का धुआं बना जानलेवा, एक ही परिवार के 4 सदस्य बेहोश

राज्यपाल से भी कर चुके हैं मुलाकात
एचईसी के अध्ययन के बाद संसदीय समिति के सदस्यों ने गुरुवार को झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से भी मुलाकात की थी। इसके बाद शुक्रवार को समिति ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ बैठक कर एचईसी के भविष्य और पुनरुद्धार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। एचईसी रांची में स्थापित देश के प्रमुख भारी इंजीनियरिंग संस्थानों में शामिल रहा है। इसके पुनरुद्धार को लेकर केंद्र और राज्य स्तर पर लगातार चर्चा होती रही है। समिति के दौरे को संस्थान के भविष्य को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

