Samachar Post रिपोर्टर, बोकारो : माराफारी थाना क्षेत्र में हज यात्रा कराने के नाम पर 34.20 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी मोहम्मद आलमगीर और उसकी बहन यासमीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रति व्यक्ति 5.70 लाख में हज कराने का किया था दावा
शिकायतकर्ता खाजा मोइनुद्दीन अंसारी के मुताबिक, नवंबर 2024 में सिवानडीह स्थित अपने ससुराल आने के दौरान उनकी मुलाकात मोहम्मद आलमगीर से हुई थी। आरोप है कि आलमगीर ने बरेली में अपनी कंपनी होने का दावा करते हुए करीब 5.70 लाख रुपये प्रति व्यक्ति में हज यात्रा कराने का भरोसा दिया। उसकी बातों पर विश्वास कर शिकायतकर्ता, उनके साले जमील अहमद और डुमरो सिवानडीह निवासी गोल बाबू अंसारी ने अपनी-अपनी पत्नियों के साथ हज यात्रा के लिए रकम दी। अलग-अलग तारीखों में कुल 34.20 लाख रुपये आरोपियों को दिए गए।

यह भी पढ़ें : बोकारो में सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक से टकराई बाइक, 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत
न हज कराया, न वापस की रकम
आरोप है कि बाद में आरोपियों ने हज का सरकारी कोटा कम होने का हवाला देते हुए वर्ष 2025 में यात्रा कराने में असमर्थता जताई। इसके बाद शिकायतकर्ता और अन्य लोगों ने अपने खर्च पर हज यात्रा की। शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, इसके बाद सिवानडीह स्थित कंपनी का कार्यालय भी बंद हो गया और जमा रकम वापस नहीं की गई। काफी प्रयास के बावजूद पैसे नहीं मिलने पर माराफारी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।पुलिस ने मामला दर्ज कर ठगी से जुड़े आरोपों और लेन-देन की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

