दूसरी सोमवारी पर बाबानगरी में आस्था का महासैलाब, ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंजा देवघर

Meenu | August 10, 2026 | 10:42 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,देवघर : राजकीय श्रावणी मेला 2026 की दूसरी सोमवारी पर देवघर की बाबानगरी में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। बाबा बैद्यनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए देश-विदेश से पहुंचे लाखों कांवरियों और श्रद्धालुओं से पूरा देवघर भक्तिमय हो गया है। चारों ओर ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष सुनाई दे रहे हैं। श्रद्धालुओं का उत्साह और बाबा बैद्यनाथ के दर्शन की उमंग चरम पर है।

यह भी पढ़ें : JPSC-JSSC परीक्षा विवाद पर सड़क से सदन तक संग्राम, छात्रों का विधानसभा घेराव आज; बाबूलाल मरांडी के आवास पर BJP की बैठक

रात एक बजे ही नंदन पहाड़ पार कर गई कांवरियों की कतार

दूसरी सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ को जल अर्पित करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब एक बजे ही कांवरियों की लंबी कतार नंदन पहाड़ को पार करते हुए चमारीडीह पुल तक पहुंच गई थी। सुल्तानगंज से उत्तरवाहिनी गंगा का पवित्र जल लेकर करीब 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी करने वाले कांवरियों के जत्थे लगातार बाबानगरी पहुंच रहे हैं। लंबी दूरी और थकान के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिख रही है। कतार में खड़े कांवरिए अपनी बारी का इंतजार करते हुए लगातार ‘बोल बम’ का जयघोष कर रहे हैं।

भगवा रंग में रंगी बाबानगरी, भजनों और जयघोष से माहौल भक्तिमय

श्रावणी मेले की दूसरी सोमवारी पर देवघर की सड़कें कांवरियों के भगवा रंग से सराबोर नजर आ रही हैं। जगह-जगह शिव भजन, ढोल-नगाड़ों की थाप और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से पूरा वातावरण शिवमय हो गया है। देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालुओं के कारण बाबानगरी में जबरदस्त रौनक है। कठिन पैदल यात्रा के बाद भी श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलाभिषेक को लेकर उत्साहित नजर आ रहे हैं।

भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन अलर्ट

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और मंदिर प्रबंधन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। लंबी कतारों में खड़े श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा, शेड और रोशनी की व्यवस्था की गई है। भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम तरीके से बाबा बैद्यनाथ मंदिर तक पहुंचाने के लिए पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। रूट लाइन में भी लगातार निगरानी रखी जा रही है।

दूसरी सोमवारी पर लाखों श्रद्धालुओं के जलार्पण की उम्मीद

राजकीय श्रावणी मेला के दौरान दूसरी सोमवारी को विशेष महत्व माना जाता है। प्रशासन के अनुसार, पूरे दिन लाखों श्रद्धालुओं के बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक करने की संभावना है। बाबा बैद्यनाथ के दरबार में उमड़े इस आस्था के महासैलाब ने एक बार फिर देवघर को पूरी तरह ‘शिवमय’ कर दिया है। श्रद्धालुओं की जुबां पर सिर्फ ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ का जयघोष है।

Share this news

संबंधित खबरें