Samachar Post रिपोर्टर, लोहरदगा : जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष मतदाता शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, त्रुटियों में सुधार कराने और मतदान केंद्र परिवर्तन से संबंधित आवेदन कर सकेंगे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने जिलेवासियों से इस अभियान का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना आवश्यक है। ऐसे में सभी योग्य नागरिकों को अपने नाम की जांच कर आवश्यक सुधार या पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए।
फॉर्म-6 से जुड़वाएं मतदाता सूची में नाम
निर्वाचन विभाग के अनुसार, जिन भारतीय नागरिकों की आयु 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष या उससे अधिक हो जाएगी और जो संबंधित क्षेत्र के सामान्य निवासी हैं, वे फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। वहीं, फॉर्म-8 के माध्यम से मतदाता अपने नाम, पता, फोटो या अन्य विवरण में सुधार के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा मतदान केंद्र बदलने अथवा परिवार के सभी सदस्यों का नाम एक ही बूथ पर स्थानांतरित कराने की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे BLO
विशेष शिविर के दौरान बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) सभी मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे। वे मतदाताओं को आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों और अन्य संबंधित जानकारी उपलब्ध कराएंगे। प्रशासन ने नागरिकों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर आवेदन करने की अपील की है।
यह भी पढ़ें : झारखंड में फिर सक्रिय हुआ मानसून, आज से भारी बारिश का अलर्ट; 13 जिलों में फ्लैश फ्लड की आशंका
ऑनलाइन आवेदन की भी सुविधा
जो लोग शिविर में नहीं पहुंच सकते, वे घर बैठे ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं। इसके लिए निर्वाचन आयोग के ECINET App और आधिकारिक पोर्टल का उपयोग किया जा सकता है। किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए मतदाता निर्वाचन आयोग की हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपने नाम और विवरण की जांच कर आवश्यक संशोधन कराएं, ताकि आगामी चुनावों में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

