JPSC-JSSC छात्र आंदोलन: कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल कल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से करेगा मुलाकात

Meenu | August 4, 2026 | 03:16 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं को लेकर रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जारी छात्र आंदोलन के बीच राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। जानकारी के अनुसार, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू के नेतृत्व में पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात करेगा। इस दौरान आंदोलनरत छात्रों की मांगों और भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, के. राजू बुधवार को रांची पहुंचेंगे। सबसे पहले वे पार्टी नेताओं के साथ बैठक करेंगे और इसके बाद मुख्यमंत्री से मुलाकात कर छात्रों की मांगों पर चर्चा करेंगे।

यह भी पढ़ें : पाकुड़ में शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, प्रतिमा का हुआ अनावरण

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल पहले भी मिल चुका है छात्रों से

इससे पहले कांग्रेस के रांची महानगर अध्यक्ष कुमार राजा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचा था, जहां उन्होंने आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी थीं। कुमार राजा ने छात्रों को आश्वस्त किया था कि उनकी मांगों और सुझावों को पार्टी नेतृत्व के माध्यम से मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा। अब उसी क्रम में कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से औपचारिक मुलाकात करने जा रहा है।

सरकार भी समाधान की दिशा में सक्रिय

छात्र आंदोलन को लेकर राज्य सरकार भी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। जानकारी के अनुसार, सरकार आंदोलनरत छात्रों से संवाद स्थापित करने और उनकी शिकायतों के समाधान के लिए एक उच्चस्तरीय (हाईलेवल) कमेटी गठित करने की तैयारी कर रही है। प्रस्तावित समिति में मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और शिक्षाविदों को शामिल किए जाने की संभावना है। इस समिति का उद्देश्य छात्रों से सीधे संवाद कर उनकी मांगों की समीक्षा करना और सरकार को सुझाव देना होगा। हालांकि, समिति के गठन और उसके स्वरूप को लेकर सरकार की ओर से आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

Share this news

संबंधित खबरें