Samachar Post रिपोर्टर,गढ़वा : झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता, पूर्व मुख्यमंत्री और पद्म भूषण से सम्मानित दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर मंगलवार को गढ़वा के बिरसा मुंडा पार्क में झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) जिला कमेटी की ओर से श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं जेएमएम के केंद्रीय महासचिव मिथलेश ठाकुर, विधायक अनंत प्रताप देव, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, समर्थक और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, सम्मान और जनसहभागिता का माहौल देखने को मिला।
यह भी पढ़ें : छात्र आंदोलन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का बयान, बोले- सरकार की पैनी नजर, उचित समय पर होगा निर्णय
पुष्पांजलि अर्पित कर किया नमन
कार्यक्रम की शुरुआत बिरसा मुंडा पार्क में प्रस्तावित दिशोम गुरु शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा स्थल और उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। पूर्व मंत्री मिथलेश ठाकुर और विधायक अनंत प्रताप देव ने शिबू सोरेन के संघर्षपूर्ण जीवन, झारखंड आंदोलन और राज्य निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
सर्वधर्म प्रार्थना सभा से दिया सामाजिक समरसता का संदेश
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के तहत सर्वधर्म प्रार्थना सभा का भी आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं और प्रबुद्धजनों ने अपने-अपने धार्मिक रीति-रिवाजों और मंत्रोच्चार के माध्यम से दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की। आयोजन का उद्देश्य सामाजिक समरसता, भाईचारे और दिशोम गुरु के आदर्शों को आगे बढ़ाने का संदेश देना था।
रक्तदान और समाजसेवा के कार्यक्रम भी हुए आयोजित
कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री मिथलेश ठाकुर की पत्नी चंचला ठाकुर सहित कई महिलाओं और पुरुषों ने रक्तदान किया। इसके अलावा झारखंड आंदोलन के सेनानियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। आयोजन के अंत में जरूरतमंद लोगों के बीच वस्त्र वितरण किया गया तथा सामूहिक भोज का आयोजन भी किया गया।

“शिबू सोरेन झारखंड के स्वाभिमान के प्रतीक थे”
सभा को संबोधित करते हुए मिथलेश ठाकुर ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन केवल एक राजनीतिक नेता नहीं थे, बल्कि झारखंड की पहचान, स्वाभिमान और जल, जंगल, जमीन की लड़ाई के सबसे बड़े प्रतीकों में से एक थे। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन ने अपना पूरा जीवन आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों, सामाजिक न्याय और जनसेवा के लिए समर्पित किया। उनका संघर्ष और विचार आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
भारत रत्न देने की मांग दोहराई
अपने संबोधन में मिथलेश ठाकुर ने कहा कि शिबू सोरेन झारखंड राज्य निर्माण के प्रमुख शिल्पकारों में रहे हैं और उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि गढ़वा के बिरसा मुंडा पार्क में जल्द ही दिशोम गुरु की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। साथ ही उन्होंने शिबू सोरेन की माता सोना सोबरन के सामाजिक योगदान का भी उल्लेख किया और कहा कि महाजनी प्रथा के खिलाफ चले आंदोलन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। उन्होंने कहा कि केवल श्रद्धांजलि अर्पित करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि दिशोम गुरु के आदर्शों और विचारों पर चलकर ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है।

Reporter | Samachar Post

