Samachar Post डेस्क,दिल्ली : पलामू संसदीय क्षेत्र के सांसद विष्णु दयाल राम ने नई दिल्ली स्थित रेल भवन में सतीश कुमार से मुलाकात कर प्रस्तावित अंबिकापुर-रामानुजगंज-गढ़वा नई रेल लाइन के वर्तमान अलाइनमेंट में संशोधन की मांग उठाई। उन्होंने बड़गढ़ और भंडरिया प्रखंडों को भी इस परियोजना से जोड़ने तथा लंबे समय से लंबित बरवाडीह-चिरमिरी-अंबिकापुर रेल लाइन परियोजना को जल्द स्वीकृति देने का आग्रह किया। सांसद ने रेलवे बोर्ड अध्यक्ष को सौंपे पत्र में कहा कि केंद्र सरकार द्वारा अंबिकापुर-रामानुजगंज-गढ़वा रेल लाइन परियोजना को स्वीकृति मिलना क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे पलामू, गढ़वा और आसपास के इलाकों की रेल संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी तथा आर्थिक और सामाजिक विकास को गति मिलेगी। हालांकि उन्होंने कहा कि प्रस्तावित अलाइनमेंट में बड़गढ़ और भंडरिया जैसे भौगोलिक रूप से दुर्गम और पिछड़े क्षेत्रों को शामिल नहीं किए जाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
यह भी पढ़ें : जमशेदपुर में चेन स्नैचर्स का आतंक, 18 घंटे में तीन महिलाओं से छिनतई; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों ने सौंपा ज्ञापन
सांसद विष्णु दयाल राम के अनुसार, बड़गढ़ और भंडरिया के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर इन क्षेत्रों को रेल परियोजना में शामिल करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि दशकों से इन क्षेत्रों में रेल संपर्क की मांग उठती रही है, लेकिन वर्तमान योजना से बाहर रखे जाने के कारण लोगों में असंतोष है। इस मुद्दे को लेकर कई स्थानों पर विरोध-प्रदर्शन भी किए गए हैं।

रेल संपर्क से मिलेगा विकास को बढ़ावा
सांसद ने कहा कि बड़गढ़ और भंडरिया क्षेत्र आज भी सड़क संपर्क, स्वास्थ्य सुविधाओं, उच्च शिक्षा और रोजगार के अवसरों के मामले में पिछड़े हुए हैं। यदि इन क्षेत्रों को प्रस्तावित रेल लाइन या लिंक रेल लाइन से जोड़ा जाता है, तो लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। इसके अलावा कृषि और वन उत्पादों के विपणन को बढ़ावा मिलेगा, निवेश और उद्योग की संभावनाएं बढ़ेंगी तथा पूरे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी।
रेलवे बोर्ड से किया शीघ्र निर्णय का अनुरोध
सांसद ने रेलवे बोर्ड अध्यक्ष से जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित रेल लाइन के अलाइनमेंट में आवश्यक संशोधन करने और लंबे समय से लंबित बरवाडीह-चिरमिरी-अंबिकापुर रेल लाइन परियोजना को जल्द स्वीकृति देने का अनुरोध किया।

Reporter | Samachar Post

