पलामू के जपला स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, चलती ट्रेन में चढ़ते समय महिला प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गिरी

Meenu | July 28, 2026 | 01:41 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,पलामू : झारखंड के पलामू जिले के जपला रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को बड़ा रेल हादसा टल गया। प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर बारवाडीह–डेहरी ऑन सोन पैसेंजर ट्रेन में चढ़ने के दौरान 55 वर्षीय महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म तथा ट्रेन के बीच गिर गई। घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। घायल महिला को पहले हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांग्ते CID कार्यालय पहुंचे, जांच के बीच बढ़ी हलचल

ट्रेन खुलते ही बिगड़ा संतुलन

घायल महिला की पहचान सुमित्रा देवी (55), निवासी रामगढ़, छतरपुर थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। वह अपने पुत्र के साथ बारवाडीह–डेहरी ऑन सोन पैसेंजर ट्रेन पकड़ने जपला स्टेशन पहुंची थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही महिला ट्रेन में चढ़ रही थीं, उसी दौरान ट्रेन चलने लगी और उनका संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच जा गिरीं। महिला को गिरता देख ट्रेन के गार्ड ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया, जिससे ट्रेन रुक गई और एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, तब तक महिला के पेट और पैर में गंभीर चोटें लग चुकी थीं।

RPF और अस्पताल प्रशासन ने दिखाई तत्परता

घटना की सूचना मिलते ही RPF की टीम मौके पर पहुंची। हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एस.के. रवि ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल एम्बुलेंस की व्यवस्था कर उन्हें मेदिनीनगर सदर अस्पताल रेफर कराया।

रेलवे की यात्रियों से अपील

बताया जा रहा है कि महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास नहीं करने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि ट्रेन पूरी तरह रुकने के बाद ही सुरक्षित तरीके से चढ़ें या उतरें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

Share this news

संबंधित खबरें