Samachar Post रिपोर्टर, गुमला : गुमला जिले के सदर प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घाघरा-गुमला सीमांत सड़क स्थित बाकी नदी पुल के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर करीब 25 फीट नीचे जा गिरी। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई।
पुल से नीचे गिरने से हुआ हादसा
स्थानीय लोगों के अनुसार बाइक पर तीन युवक सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की मदद से तीनों को एंबुलेंस के जरिए गुमला सदर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीसरे युवक का इलाज जारी है। मृतकों की पहचान बड़काडीह निवासी 25 वर्षीय मंगरा उरांव और 30 वर्षीय चरकु उरांव के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान 25 वर्षीय सूरज उरांव के रूप में हुई है।
शराब पीकर मछली खरीदने जा रहे थे युवक
पुलिस को दिए बयान में घायल सूरज उरांव ने बताया कि चरकु उरांव गाजीपुर के एक ईंट भट्ठे में काम करता था और हाल ही में उसे मजदूरी का भुगतान मिला था। इसके बाद तीनों ने साथ बैठकर शराब पी और खरका डेली मार्केट से मछली खरीदने के लिए बाइक से निकले थे। सूरज के अनुसार, बाइक चला रहे मंगरा उरांव ने अचानक बाइक का अगला पहिया ऊपर उठा दिया, जिससे वाहन संतुलन खो बैठा और सीधे पुल से नीचे जा गिरा। उसने समय रहते बाइक से छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली, जबकि चरकु उरांव की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल मंगरा उरांव ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद टोटो थाना के एसआई गफ्फार अंसारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

हेलमेट नहीं पहनने से बढ़ा नुकसान
प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि बाइक पर सवार तीनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था। पुलिस का मानना है कि सुरक्षा उपकरणों का उपयोग नहीं करने के कारण हादसे का असर और अधिक गंभीर हो गया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। परिजनों के पहुंचने के बाद शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया जाएगा और फिर अंतिम संस्कार के लिए उन्हें सौंप दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवक अविवाहित थे।
यह भी पढ़ें : झारखंड में 16 नक्सलियों ने हथियारों के साथ किया आत्मसमर्पण, माओवादी संगठन को बड़ा झटका
सड़क सुरक्षा को लेकर फिर उठे सवाल
इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार, नशे में वाहन चलाने और हेलमेट का उपयोग नहीं करने जैसी लापरवाहियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

