Samachar Post रिपोर्टर, रांची : 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं के आरोपों को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) बुधवार को रांची में बड़ा प्रदर्शन करने जा रहा है। संगठन ने जेपीएससी कार्यालय घेराव का आह्वान किया है, जिसके मद्देनजर प्रशासन ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। भाजयुमो के कार्यक्रम के अनुसार, कार्यकर्ता और अभ्यर्थी समर्थक सुबह जयपाल सिंह स्टेडियम से मार्च शुरू करेंगे। इसके बाद प्रदर्शनकारी जेपीएससी कार्यालय पहुंचकर घेराव और विरोध प्रदर्शन करेंगे। संगठन का दावा है कि बड़ी संख्या में युवा और कार्यकर्ता इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
परीक्षा में अनियमितताओं का आरोप
भाजयुमो का आरोप है कि 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा की प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं। संगठन का कहना है कि इससे हजारों अभ्यर्थियों के भविष्य पर असर पड़ा है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि किसी स्तर पर गड़बड़ी पाई जाती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। संगठन ने परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने और प्रभावित अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग उठाई है। भाजयुमो का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में निष्पक्षता और पारदर्शिता युवाओं के विश्वास से जुड़ा विषय है, इसलिए मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें : JPSC विवाद पर सुदेश महतो ने उठाए सवाल, CBI जांच की मांग तेज

प्रशासन ने बढ़ाई सुरक्षा
प्रस्तावित घेराव को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं। जेपीएससी कार्यालय और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई स्थानों पर बैरिकेडिंग भी की गई है। प्रशासन ने कहा है कि प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

