Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 24 जुलाई से राज्य में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। इसके प्रभाव से रांची सहित अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की जा सकती है। आने वाले दिनों में कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने के संकेत हैं।
बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का दिखेगा असर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में विकसित हुए अनुकूल मौसमी सिस्टम और सक्रिय मानसूनी ट्रफ के कारण झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। इन परिस्थितियों के प्रभाव से राज्यभर में वर्षा की गतिविधियां बढ़ सकती हैं, जिससे मानसून को नई गति मिलने की उम्मीद है।

किसानों को मिल सकती है राहत
पिछले कुछ दिनों से राज्य के कई जिलों में अपेक्षित बारिश नहीं होने के कारण किसानों की चिंता बढ़ गई थी। मौसम विभाग का मानना है कि 24 जुलाई से शुरू होने वाला नया मानसूनी दौर खेती-किसानी के लिए लाभदायक साबित हो सकता है। अच्छी बारिश से धान समेत अन्य खरीफ फसलों की बुआई और वृद्धि को मदद मिलेगी। विशेषज्ञों का कहना है कि आगामी बारिश से जलाशयों, तालाबों और नदियों के जलस्तर में भी सुधार होने की संभावना है। इससे पेयजल और सिंचाई व्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा जल संकट की स्थिति वाले क्षेत्रों को राहत मिल सकती है।
यह भी पढ़ें : रिम्स में बदलाव की बड़ी तैयारी: 200 नए वेंटिलेटर, रोबोटिक सर्जरी और स्मार्ट क्लासरूम को मंजूरी
मौसम विभाग ने जारी की सतर्कता सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से बारिश के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। विशेष रूप से वज्रपात और भारी बारिश की संभावना वाले क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

