पुलिस से बचने के चक्कर में रेलवे ट्रैक पर चढ़ी स्कॉर्पियो, गेटमैन की सूझबूझ से टला बड़ा रेल हादसा

Rupa Kumari | July 21, 2026 | 12:13 PM IST
  • धनबाद के सोनारडीह रेलवे हाल्ट के पास देर रात हुई घटना, चालक समेत सभी सवार मौके से फरार

Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : जिले के सोनारडीह रेलवे हाल्ट के समीप सोमवार देर रात एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। पुलिस जांच से बचने के प्रयास में भाग रही एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सीधे रेलवे ट्रैक पर जा गिरी और पटरियों के बीच फंस गई। समय रहते गेटमैन और ट्रैकमैन की सतर्कता से ट्रेन को रोक लिया गया, जिससे संभावित दुर्घटना टल गई। जानकारी के अनुसार, मधुबन थाना पुलिस सोमवार देर रात नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान बोकारो की ओर से आ रही लाल रंग की स्कॉर्पियो (JH10AA/2654) को रुकने का संकेत दिया गया। पुलिस का इशारा मिलते ही चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज गति से भागने की कोशिश की। संदिग्ध गतिविधि देखते हुए पुलिस टीम ने वाहन का पीछा शुरू कर दिया।

बंद रेलवे फाटक देखकर घबराया चालक

भागते हुए चालक जब सोनारडीह रेलवे फाटक के पास पहुंचा तो फाटक बंद मिला। आगे रास्ता बंद देखकर उसने वाहन को हाल्ट की ओर मोड़ दिया। तेज रफ्तार के कारण स्कॉर्पियो का नियंत्रण बिगड़ गया और वह सीधे रेलवे ट्रैक पर जा गिरी। हादसे में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के तुरंत बाद चालक समेत वाहन में सवार सभी लोग अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

ट्रैकमैन और गेटमैन की सतर्कता से बची ट्रेन

घटना के बाद जोरदार आवाज सुनकर ट्रैकमैन मौके पर पहुंचा और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत गेटमैन को सूचना दी। उसी समय उस रेलखंड पर एक ट्रेन आने वाली थी। गेटमैन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित ट्रैक का सिग्नल लाल कर दिया। सिग्नल मिलते ही ट्रेन रोक दी गई और एक संभावित बड़ा रेल हादसा टल गया। इसके बाद रेलवे अधिकारियों और रेल पुलिस को मामले की सूचना दी गई।

दो घंटे बाधित रहा रेल परिचालन

सूचना मिलने पर रेल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। ट्रैक के बीच फंसी स्कॉर्पियो को हटाने के लिए जेसीबी मशीन की सहायता ली गई। काफी मशक्कत के बाद वाहन को पटरियों से हटाया गया। वाहन हटाने और ट्रैक की सुरक्षा जांच के बाद करीब दो घंटे के अंतराल पर रेल परिचालन सामान्य हो सका।

यह भी पढ़ें : दुमका को नई ट्रेनों की सौगात दिलाने की मांग, सीता सोरेन ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को लिखा पत्र

वाहन जब्त, जांच में जुटी पुलिस

रेल पुलिस ने क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है। वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मालिक और फरार लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वाहन सवार पुलिस से बचकर क्यों भाग रहे थे और क्या स्कॉर्पियो में किसी प्रकार का अवैध सामान या आपराधिक गतिविधि से जुड़ा कोई मामला था। मामले की जांच जारी है।

Share this news

संबंधित खबरें