Samachar Post रिपोर्टर,रांची : रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने ऑपरेशन ‘नारकोस’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए रांची रेलवे स्टेशन से 12 किलोग्राम गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजा की अनुमानित बाजार कीमत करीब ₹6 लाख बताई गई है। आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी रांची के हवाले कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें : रांची ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 45 दिनों में ₹12.50 करोड़ का चालान; सबसे ज्यादा बिना हेलमेट और नो-पार्किंग पर जुर्माना
VIP गेट के पास संदिग्ध हालत में मिला युवक
आरपीएफ पोस्ट कमांडर शिशुपाल कुमार के नेतृत्व में मंगलवार को रांची रेलवे स्टेशन पर विशेष संयुक्त जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-1 के VIP गेट के पास एक युवक काले और हरे रंग का स्काई बैग लेकर संदिग्ध अवस्था में बैठा मिला। आरपीएफ टीम को देखकर उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उसे रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान बृजराज यादव (19 वर्ष) के रूप में बताई। वह ग्राम मटियारवा, थाना पदरौना, जिला कुशीनगर (उत्तर प्रदेश) का निवासी है। बैग के बारे में पूछे जाने पर उसने स्वीकार किया कि उसमें गांजा रखा हुआ है।

बैग से मिले गांजा के चार पैकेट
घटना की सूचना मिलने पर आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त प्रताप सिंह नेगी भी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई की निगरानी की।एनडीपीएस अधिनियम (NDPS Act) के तहत आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बैग से गांजा से भरे चार पैकेट बरामद हुए। कुल 12 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब ₹6 लाख आंकी गई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मेहंदी अंसारी नामक व्यक्ति ने उसे ओडिशा के संताला से गोरखपुर तक गांजा पहुंचाने का काम दिया था। इसके बदले उसे प्रति किलोग्राम ₹1,000 देने का वादा किया गया था। आरोपी के अनुसार, रांची रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की जांच शुरू होते ही मेहंदी अंसारी मौके से फरार हो गया।
जीआरपी को सौंपा गया आरोपी
आरपीएफ ने जब्त गांजा को सील करने के बाद आरोपी बृजराज यादव को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी रांची के हवाले कर दिया। इस कार्रवाई में आरपीएफ पोस्ट कमांडर शिशुपाल कुमार, उपनिरीक्षक पवन कुमार, उपनिरीक्षक अजीत कुमार, आरक्षक दिलीप कुमार जितरवाल सहित आरपीएफ फ्लाइंग टीम के अन्य अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Reporter | Samachar Post

