पतरातू रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी की चपेट में आने से युवक की मौत, जांच में जुटी पुलिस

Samachar Post रिपोर्टर, रामगढ़ : पतरातू रेलवे स्टेशन पर सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में मालगाड़ी की चपेट में आने से 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर हुआ हादसा

मृतक की पहचान शिवा भुईया (30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पतरातू रेलवे कॉलोनी का निवासी था। जानकारी के अनुसार, हादसा पतरातू रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 के समीप हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक अचानक मालगाड़ी की चपेट में आ गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

आत्महत्या की आशंका, जांच जारी

प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पतरातू थाना पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम घटनास्थल पर पहुंची। आरपीएफ इंस्पेक्टर अजय कुमार सिंह ने अपनी टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। शव की पहचान के बाद परिजनों को सूचना दी गई।

यह भी पढ़ें : अभिजीत दीपके ने खत्म की भूख हड़ताल, संसद मार्च की चेतावनी के बाद दिल्ली में बढ़ा तनाव

रेल परिचालन प्रभावित न हो, इसलिए हटाया गया शव

रेल यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस और आरपीएफ ने शव को ट्रैक से हटाकर सुरक्षित स्थान पर रखा। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए शव को सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मृतक क्या कार्य करता था और घटना के समय वह रेलवे ट्रैक के पास किन परिस्थितियों में मौजूद था। आत्महत्या, दुर्घटना या अन्य किसी कारण की संभावना को लेकर जांच जारी है।

Share this news

संबंधित खबरें