Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह : गिरिडीह के चाइना मोड़ स्थित वेंकटेश्वर प्लांट में सोमवार देर रात हुए एक दर्दनाक हादसे में एक कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान धनबाद जिले के निरसा निवासी राज किशोर सिन्हा के रूप में हुई है। वह पिछले करीब 20 वर्षों से प्लांट में कार्यरत थे और प्लांट परिसर स्थित कुटिया मंदिर गेस्ट हाउस में रहते थे। हादसे के बाद शव को कथित तौर पर बोरे में रखकर अस्पताल पहुंचाने के आरोप ने पूरे मामले को गंभीर बना दिया है।
यह भी पढ़ें : पुलिस से बचने के चक्कर में रेलवे ट्रैक पर चढ़ी स्कॉर्पियो, गेटमैन की सूझबूझ से टला बड़ा रेल हादसा
हाईवा की चपेट में आने से हुई मौत
परिजनों के अनुसार, देर रात थाना से सूचना मिलने के बाद वे प्लांट पहुंचे। उन्हें बताया गया कि रेक से माल खाली कराने के दौरान राज किशोर सिन्हा टॉर्च की रोशनी से हाईवा चालक को वाहन साइड करने का संकेत दे रहे थे। इसी दौरान वह हाईवा की चपेट में आ गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने प्लांट प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि प्लांट परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ। परिजनों का यह भी आरोप है कि दुर्घटना के बाद कर्मियों ने शव को बोरे में भरकर गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया, जो बेहद अमानवीय और संवेदनहीन व्यवहार है।

मुआवजे और निष्पक्ष जांच की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही बार एसोसिएशन के महासचिव एवं भाजपा नेता चुन्नू कांत और माले नेता राजेश सिन्हा सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और प्लांट प्रबंधन से मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। वहीं, मृतक के भांजे आयुष रंजन ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए प्लांट प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Reporter | Samachar Post

