गुमला में मूसलाधार बारिश से नदियां उफान पर, डीसी ने जारी किया अलर्ट; कई इलाकों में जलजमाव

Rupa Kumari | July 21, 2026 | 04:58 PM IST
  • कोयल और शंख नदी का बढ़ा जलस्तर, प्रशासन ने नदी किनारे जाने से बचने की अपील की

Samachar Post रिपोर्टर, गुमला : जिले में मंगलवार सुबह से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है। कोयल और शंख समेत कई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है, जबकि शहर के कई हिस्सों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। हालात को देखते हुए उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने जिले के सभी बीडीओ, सीओ और थाना प्रभारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है। उपायुक्त ने आम लोगों से अपील की है कि वे नदी और उसके आसपास के क्षेत्रों में जाने से बचें तथा पूरी सावधानी बरतें। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि बढ़ते जलस्तर के बीच थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। सभी थाना प्रभारियों को नदी तटों पर निगरानी बढ़ाने और लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं।

कोयल और शंख नदी का बढ़ा जलस्तर

लगातार बारिश के कारण जिले की प्रमुख नदियां कोयल और शंख उफान पर हैं। बढ़ते जलस्तर को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग नदी किनारे पहुंच रहे हैं और सेल्फी लेते दिखाई दे रहे हैं। प्रशासन ने ऐसे लोगों से विशेष सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से नदी के पास नहीं जाने की अपील की है। एक ओर अच्छी बारिश से किसानों में उत्साह है और वे धान की खेती की तैयारियों में जुट गए हैं, वहीं दूसरी ओर नदी किनारे रहने वाले परिवारों की चिंता बढ़ गई है। कई ग्रामीणों ने एहतियात के तौर पर अपने मवेशियों को भी नदी के आसपास ले जाना बंद कर दिया है। बारिश और बढ़ते जलस्तर के बावजूद नदियों पर बने हाई लेवल ब्रिज के कारण जिले में आवागमन सामान्य बना हुआ है। फिलहाल किसी प्रमुख मार्ग के बाधित होने की सूचना नहीं है, लेकिन प्रशासन लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है।

शहर में जलजमाव से बढ़ी परेशानी

लगातार बारिश के कारण गुमला शहर के कई इलाकों में जलजमाव की समस्या सामने आई है। कई स्थानों पर सड़क और नालियों का पानी एक साथ बहने से लोगों को आवागमन में कठिनाई हो रही है। इस स्थिति ने नगर परिषद की जल निकासी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।बारिश का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों और दैनिक आवागमन करने वाले लोगों पर पड़ रहा है। कई क्षेत्रों में सड़कों पर पानी भर जाने से आवाजाही जोखिम भरी हो गई है। स्कूल से घर लौटने वाले बच्चों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें : रांची ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 45 दिनों में ₹12.50 करोड़ का चालान; सबसे ज्यादा बिना हेलमेट और नो-पार्किंग पर जुर्माना

नगर परिषद को सतर्क रहने के निर्देश

जिला प्रशासन के निर्देश पर नगर परिषद की टीम भी सक्रिय है। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि लगातार बारिश के बावजूद सफाईकर्मी नालियों और सड़कों की नियमित सफाई कर रहे हैं, ताकि जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनी रहे और लोगों को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े। प्रशासन ने लोगों से मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की है।

Share this news

संबंधित खबरें