Samachar Post रिपोर्टर, गुमला : जिले के बसिया प्रखंड का एक 18 वर्षीय छात्र पिछले 12 दिनों से लापता है। छात्र स्कूल से छुट्टी लेकर घर जाने के लिए निकला था, लेकिन वह न तो अपने घर पहुंचा और न ही वापस स्कूल लौटा। परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। लापता छात्र की पहचान अर्पित सुरीन के रूप में हुई है, जो तुरबुंगा पंचायत के किनिरकेला गांव निवासी अलेक्सियुस सुरीन का पुत्र है। अर्पित गुमला के संत पात्रिक स्कूल में पढ़ाई करता है और छात्रावास में रहकर शिक्षा ग्रहण कर रहा था।
चेचक का हवाला देकर ली थी छुट्टी
परिजनों के अनुसार, 7 अगस्त को अर्पित ने चेचक होने की बात कहते हुए विद्यालय प्रशासन को छुट्टी का आवेदन दिया था। छुट्टी मिलने के बाद वह छात्रावास से घर के लिए निकला, लेकिन इसके बाद उसका कोई पता नहीं चल सका। जब अर्पित घर नहीं पहुंचा, तब उसके दोस्तों ने परिजनों को बताया कि वह स्कूल से छुट्टी लेकर निकल चुका था। इसके बाद परिवार की चिंता बढ़ गई।

परिजनों ने कई जगह की तलाश
अर्पित के घर नहीं पहुंचने की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की। कई दिनों तक खोजबीन करने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। लगातार 12 दिनों तक कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिवार ने गुमला सदर थाना में आवेदन देकर छात्र के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई और उसे खोजने की मांग की।
यह भी पढ़ें : रघुवर दास का हेमंत सरकार पर हमला, बोले- प्रतियोगी परीक्षा गड़बड़ियों की CBI जांच से कम कुछ मंजूर नहीं
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। छात्र के स्कूल से निकलने के बाद की गतिविधियों, उसके संपर्कों और संभावित लोकेशन की जानकारी जुटाई जा रही है। परिजनों ने प्रशासन से जल्द से जल्द अर्पित को सकुशल खोज निकालने की अपील की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और छात्र की तलाश के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

