SSC परीक्षा देकर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, 7 महीने पहले हुई थी शादी; मुआवजे की मांग पर सड़क जाम

Rupa Kumari | July 20, 2026 | 05:00 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : जिले के पचंबा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक उमेश कुमार मंडल एसएससी परीक्षा देकर देवघर से अपने घर लौट रहा था, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे तथा कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया।

परीक्षा देकर लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, पचंबा थाना क्षेत्र के रानीखावा गांव निवासी उमेश कुमार मंडल रविवार को देवघर में आयोजित एसएससी परीक्षा में शामिल होने गया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद वह बाइक से घर लौट रहा था। बताया जा रहा है कि पचंबा-जमुआ मुख्य मार्ग पर परियाना गांव स्थित स्कूल के समीप पहुंचते ही विपरीत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद दूर तक घसीटता रहा ट्रक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक युवक को कुछ दूरी तक घसीटता हुआ ले गया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पथला-नावाडीह क्षेत्र के पास ट्रक को जब्त कर लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

अस्पताल में उमड़ी लोगों की भीड़

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल युवक को एंबुलेंस से सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों की भारी भीड़ जुट गई। परिवार के अनुसार, उमेश की शादी करीब सात महीने पहले ही हुई थी। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मुआवजे और कार्रवाई की मांग पर सड़क जाम

सोमवार सुबह आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने घटनास्थल पर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा, दोषी चालक की गिरफ्तारी और सड़क सुरक्षा के बेहतर इंतजाम की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

यह भी पढ़ें: झारखंड प्रभारी के. राजू का भाजपा पर निशाना, बोले- हर वैध मतदाता के अधिकार की रक्षा करेगी कांग्रेस

जांच जारी

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। ट्रक चालक की भूमिका और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

Share this news

संबंधित खबरें