झारखंड प्रभारी के. राजू का भाजपा पर निशाना, बोले- हर वैध मतदाता के अधिकार की रक्षा करेगी कांग्रेस

Meenu | July 20, 2026 | 04:47 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर झारखंड कांग्रेस ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। पार्टी के झारखंड प्रभारी के. राजू ने कहा कि कांग्रेस राज्य में हर वैध मतदाता के अधिकार की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से काम करेगी और किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से हटने नहीं दिया जाएगा। सोमवार को रांची के मोरहाबादी स्थित राजकीय अतिथिशाला में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया, कम्युनिकेशन और सोशल मीडिया विभागों की समीक्षा बैठक में उन्होंने संगठन की तैयारियों की समीक्षा की और आगामी रणनीति पर दिशा-निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें : जामताड़ा में भाजपा जिलाध्यक्ष के घर पुलिस छापेमारी, प्रतुल शाहदेव ने बताया राजनीतिक प्रतिशोध

मतदाता सूची को लेकर भाजपा पर लगाए आरोप

के. राजू ने आरोप लगाया कि भाजपा ने अन्य राज्यों की तरह झारखंड में भी मतदाता सूची से पात्र नागरिकों के नाम हटाने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस तरह के किसी भी कथित प्रयास को सफल नहीं होने देगी। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान पूरी सतर्कता बरतें और सुनिश्चित करें कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम बिना वैध कारण के सूची से न हटे। के. राजू ने कहा कि कांग्रेस ने झारखंड में 21 हजार से अधिक बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त किए हैं। उनके अनुसार, बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता मतदाता सूची की निगरानी करेंगे और पात्र मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने दावा किया कि इस अभियान को लेकर कांग्रेस की तैयारी सबसे मजबूत है।

राजीव गांधी के फैसले का किया उल्लेख

बैठक के दौरान के. राजू ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का उल्लेख करते हुए कहा कि मतदान की आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष करने का निर्णय कांग्रेस सरकार ने लिया था। उन्होंने कहा कि युवाओं को मताधिकार देने वाली पार्टी होने के नाते कांग्रेस की जिम्मेदारी है कि वह हर नागरिक के मतदान के अधिकार की रक्षा करे।

मीडिया और सोशल मीडिया टीम को दिए निर्देश

प्रदेश मीडिया संयोजक डॉ. एम. तौसीफ ने बताया कि के. राजू ने मीडिया और सोशल मीडिया विभाग को विशेष निर्देश दिए हैं कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान से जुड़े तथ्यों और कांग्रेस के पक्ष को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि मीडिया एवं कम्युनिकेशन विभाग की समीक्षा बैठक प्रत्येक माह की 3 तारीख को नियमित रूप से आयोजित की जाए।

Share this news

संबंधित खबरें