Samachar Post रिपोर्टर,पाकुड़ : रथ यात्रा के पावन अवसर पर नगर थाना के समीप स्थित ऐतिहासिक रथ मेला मैदान में गुरुवार को पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ रथ मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। मेले का उद्घाटन अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) कुमार गौरव, नगर परिषद अध्यक्ष साबरी पाल और सामाजिक कार्यकर्ता सुरेश अग्रवाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद अधिकारियों ने मेला परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
यह भी पढ़ें : बोकारो में साइबर ठगी का बड़ा खुलासा, 9 आरोपी गिरफ्तार; बिहार से संचालित हो रहा था नेटवर्क
सुरक्षा व्यवस्था का लिया गया जायजा
SDPO कुमार गौरव ने नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता और पुलिस बल के साथ पूरे मेला परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की गई। उन्होंने मेला समिति को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी प्रमुख स्थानों पर जल्द से जल्द CCTV कैमरे लगाए जाएं।
दुकानदारों का पूरा रिकॉर्ड रखने के निर्देश
प्रशासन ने मेला समिति को निर्देश दिया कि मेले में आए सभी दुकानदारों, झूला संचालकों और कर्मचारियों का आधार कार्ड, मोबाइल नंबर और अन्य आवश्यक विवरण नगर थाना में उपलब्ध कराया जाए। इसके अलावा प्रत्येक दुकान पर नगर थाना, SDPO कार्यालय और जिला कंट्रोल रूम के संपर्क नंबर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने को भी कहा गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता मिल सके। नगर परिषद अध्यक्ष साबरी पाल ने शहरवासियों को रथ यात्रा और मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर परिषद की ओर से साफ-सफाई, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। उन्होंने लोगों से मेले का आनंद शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में लेने की अपील भी की।

मेले में आकर्षण का केंद्र बने नए मनोरंजन कार्यक्रम
मेला प्रबंधक सुजीत सरकार ने बताया कि इस वर्ष मेले को पहले से अधिक आकर्षक बनाने के लिए कई नई मनोरंजन गतिविधियों को शामिल किया गया है। मेले में प्रमुख आकर्षणों में शामिल हैं जलपरी शो, बड़ी नाव (जायंट राइड), जादू का कार्यक्रम, विभिन्न राज्यों से आए व्यापारियों की आकर्षक दुकानें। इनके अलावा खरीदारी और पारिवारिक मनोरंजन के लिए भी विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
मेला समिति के सदस्य अविनाश यादव ने मेले में आने वाले लोगों से अपील की कि वे अपने बच्चों और सामान का विशेष ध्यान रखें तथा दोपहिया वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें, ताकि चोरी और अव्यवस्था जैसी घटनाओं से बचा जा सके। इस अवसर पर भाजपा नेत्री प्राची चौधरी, निधि गुप्ता, मधु देवी, रामभक्त सेवा दल के जिला अध्यक्ष रतन भगत, मनोज सिंह, तन्मय त्रिवेदी, जयंत रजक, विष्णु यादव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Reporter | Samachar Post

