बोकारो में साइबर ठगी का बड़ा खुलासा, 9 आरोपी गिरफ्तार; बिहार से संचालित हो रहा था नेटवर्क

Meenu | July 16, 2026 | 05:35 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,बोकारो : झारखंड के बोकारो में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बोकारो पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 9 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह गिरोह बोकारो में रहकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहा था, जबकि इसके तार बिहार में बैठे सरगनाओं से जुड़े हैं। पुलिस अब पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। बोकारो के पुलिस अधीक्षक (SP) नाथू सिंह मीणा ने बताया कि आरोपी खुद को आरएम टूर एंड ट्रैवल्स के एजेंट और बैंक कर्मचारी बताकर लोगों का विश्वास जीतते थे। इसके बाद विभिन्न बहानों से लोगों से पैसे अपने बैंक खातों में ट्रांसफर कराकर साइबर ठगी को अंजाम देते थे।

यह भी पढ़ें : रांची विश्वविद्यालय के PG विभागों में घटी छात्रों की रुचि, 30 विभागों में सिर्फ 628 नामांकन

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

पुलिस ने जिन नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें सम्राट कुमार विनय, निरंजा कुमार, सुदामा कुमार, नीतीश कुमार, सुबोध कुमार, प्रेमचंद कुमार, धर्मराज कुमार, बृजेश कुमार, रवि प्रभाकर शामिल हैं। इनमें सम्राट कुमार विनय बोकारो सेक्टर-3 का निवासी है, जबकि अन्य आरोपी बिहार के विभिन्न जिलों के रहने वाले बताए गए हैं। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 43,100 रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा पुलिस ने बड़ी संख्या में साइबर ठगी से जुड़े सामान भी जब्त किए, जिनमें शामिल हैं 18 बैंक पासबुक, 3 चेकबुक, 10 डेबिट कार्ड, 9 सिम कार्ड, 10 मोबाइल फोन शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि जिन बैंक खातों में ठगी की रकम ट्रांसफर की गई थी, उन्हें संबंधित बैंकों के माध्यम से होल्ड करा दिया गया है।

बिहार में बैठे सरगनाओं की तलाश

पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि गिरोह का संचालन बिहार से किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार, नेटवर्क के मुख्य संचालक और संरक्षक बिहार में मौजूद हैं। उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है।

मकान मालिक पर भी हो सकती है कार्रवाई

एसपी नाथू सिंह मीणा ने बताया कि जिस मकान में आरोपी रहकर साइबर अपराध कर रहे थे, उसके मालिक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी तरह की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।

Share this news

संबंधित खबरें