झारखंड में गांजा तस्करी नेटवर्क से CRPF जवानों का कथित कनेक्शन, एक ने किया सरेंडर

Rupa Kumari | September 1, 2026 | 11:06 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड से दूसरे राज्यों तक गांजा तस्करी के एक पुराने मामले की दोबारा जांच में CRPF के दो जवानों की कथित भूमिका सामने आई है। मामला वर्ष 2023 में रांची रेलवे स्टेशन से बरामद हुई करीब 14.5 किलो गांजा की खेप से जुड़ा है। जांच आगे बढ़ने के बाद एक CRPF जवान ने अदालत में सरेंडर कर दिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। मामले की शुरुआत वर्ष 2023 में हुई थी। RPF और GRP की संयुक्त टीम ने रांची रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई कर राजकुमार और विपिन सिंह नाम के दो लोगों को करीब 14.5 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया था कि उन्हें गांजा बिट्टू सिंह उर्फ शशि भूषण सिंह, अमित सिंह और अभिनंदन उपलब्ध कराते थे। जांच के मुताबिक, गांजा झारखंड से हरियाणा भेजा जाता था और वहां इसकी सप्लाई की जाती थी।

दोबारा जांच में सामने आया CRPF कनेक्शन

मामले की वर्ष 2026 में दोबारा समीक्षा की गई। रेल पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने पुराने केस की फाइल और जांच से जुड़े तथ्यों की दोबारा पड़ताल की। इसी दौरान गांजा तस्करी के नेटवर्क में सुरक्षा बल से जुड़े दो लोगों की कथित भूमिका सामने आई। जांच के अनुसार, बिट्टू सिंह उर्फ शशि भूषण सिंह और अमित सिंह CRPF के जवान हैं। वर्ष 2023 में दोनों की तैनाती लातेहार जिले में थी। आरोप है कि इसी दौरान दोनों ने स्थानीय गांजा तस्करों से संपर्क बनाया और गांजा खरीदकर उसे दूसरे राज्यों में भेजने का नेटवर्क तैयार किया।

हरियाणा में भी जुड़ी तस्करी की कड़ी

जांच में गांजा तस्करी के नेटवर्क का हरियाणा कनेक्शन भी सामने आया। रेल पुलिस ने अमित सिंह के हरियाणा स्थित घर पर छापेमारी की।पुलिस की कार्रवाई के बाद अमित सिंह ने अदालत में सरेंडर कर दिया। बताया गया है कि वह मूल रूप से हरियाणा का रहने वाला है और वर्तमान में छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में CRPF की 241वीं बटालियन में तैनात है। जांच के अनुसार बिट्टू सिंह उर्फ शशि भूषण सिंह मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। फिलहाल उसकी तैनाती छत्तीसगढ़ के बाजीपुर में CRPF की 114वीं बटालियन में बताई जा रही है। रेल पुलिस अब बिट्टू सिंह और मामले में कथित रूप से शामिल अभिनंदन की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

यह भी पढ़ें : बरहरवा में CBI अधिकारी बनकर डिजिटल अरेस्ट, शख्स से 1.20 करोड़ की ठगी

चार्जशीट दाखिल, नेटवर्क की जांच जारी

रेल पुलिस ने मामले में चार्जशीट दाखिल कर दी है। अमित सिंह के सरेंडर के बाद पुलिस अब उससे पूछताछ के जरिए तस्करी नेटवर्क की अन्य कड़ियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। जांच एजेंसी यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कितने लोग शामिल थे और झारखंड से दूसरे राज्यों तक कितनी मात्रा में गांजा भेजा गया। हालांकि CRPF जवानों की कथित संलिप्तता से जुड़े आरोप जांच के आधार पर सामने आए हैं और अंतिम दोषसिद्धि अदालत की प्रक्रिया के बाद ही तय होगी।

Share this news

संबंधित खबरें