Samachar Post रिपोर्टर, चतरा : नक्सली संगठनों और संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चतरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। टंडवा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित विशेष छापेमारी टीम ने प्रतिबंधित नक्सली संगठन TSPC से जुड़े दो कुख्यात और लंबे समय से फरार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है।
रंगदारी, लेवी और आगजनी के मामलों में थे वांछित
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मसी तिग्गा (29 वर्ष) और किरण नगडवार (45 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों पिपरवार थाना कांड संख्या 23/25 में नामजद अभियुक्त थे और लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहे थे। पुलिस के अनुसार, दोनों पर रंगदारी वसूली, लेवी, आगजनी, हथियार रखने और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होने के आरोप हैं। विशेष रूप से मसी तिग्गा के खिलाफ पिपरवार, टंडवा और खलारी थाना क्षेत्रों में यूएपीए (UAPA), आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।
यह भी पढ़ें: हूल आज भी अन्याय के खिलाफ संघर्ष की प्रेरणा देता है : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन
न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ से संगठन की गतिविधियों और अन्य सहयोगियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है।

विशेष टीम ने की कार्रवाई
यह कार्रवाई टंडवा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रभात रंजन बरवार के नेतृत्व में गठित विशेष छापेमारी दल ने की। अभियान में पिपरवार थाना प्रभारी अभय कुमार, पुलिस पदाधिकारी अभिमन्यु कुमार तथा पिपरवार थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। चतरा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नक्सली गतिविधियों, रंगदारी और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

