Samachar Post रिपोर्टर, चतरा : उत्तर प्रदेश के वाराणसी में सुरक्षा एजेंसियों के साथ हुई मुठभेड़ में मारे गए प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी (तृतीय प्रस्तुति कमेटी) के कथित शीर्ष कमांडर बृजेश गंझू का शव सोमवार को उसके पैतृक गांव पहुंचा। शव पहुंचने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिचित उसके घर के आसपास जुटने लगे। आसपास के इलाकों से भी लोग अंतिम दर्शन के लिए गांव पहुंच रहे हैं। अंतिम संस्कार को देखते हुए जिला और पुलिस प्रशासन ने गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
अंतिम संस्कार को लेकर गांव में कड़ी सुरक्षा
बृजेश गंझू के अंतिम संस्कार को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। गांव के मुख्य रास्तों, चौराहों और श्मशान घाट के आसपास पुलिस के साथ पैरामिलिट्री जवानों की तैनाती की गई है। इलाके में आने-जाने वाले लोगों और वाहनों पर भी नजर रखी जा रही है। प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

चतरा में बृजेश गंझू पर 43 मामले दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, बृजेश गंझू लंबे समय से प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी से जुड़ा था और संगठन के शीर्ष कमांडरों में शामिल बताया जाता था। उस पर झारखंड और आसपास के इलाकों में संगठन की गतिविधियों में शामिल होने के आरोप थे। पुलिस के अनुसार, चतरा जिले के अलग-अलग थानों में बृजेश गंझू के खिलाफ हत्या, रंगदारी, लेवी वसूली और हिंसा समेत उग्रवादी गतिविधियों से जुड़े 43 मामले दर्ज थे। झारखंड समेत अन्य राज्यों की सुरक्षा एजेंसियां भी लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थीं।
रविवार को वाराणसी में हुई मुठभेड़
जानकारी के अनुसार, रविवार को गुप्त सूचना के आधार पर उत्तर प्रदेश एसटीएफ और सुरक्षा एजेंसियों ने वाराणसी में संयुक्त अभियान चलाया था। इसी दौरान हुई मुठभेड़ में टीएसपीसी कमांडर बृजेश गंझू के मारे जाने की बात सामने आई। घटना के बाद पुलिस ने जरूरी कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। सोमवार को शव को चतरा स्थित पैतृक गांव लाया गया, जहां पुलिस की निगरानी और कड़ी सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है।





















