Samachar Post रिपोर्टर, चतरा : टंडवा थाना क्षेत्र के सिदपा गांव में महिला और एक युवक को कथित तौर पर बंधक बनाए जाने की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम का ग्रामीणों से विवाद हो गया। देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया गया। घटना में टंडवा थाना प्रभारी पप्पू कुमार शर्मा और सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, स्थिति नियंत्रित करने के लिए पहले लाठीचार्ज किया गया। इसके बाद आत्मरक्षा में चार राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी। घटना के बाद सिदपा गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
महिला और युवक को बंधक बनाए जाने की मिली थी सूचना
पुलिस के अनुसार, मंगलवार देर शाम सूचना मिली थी कि सिदपा गांव में कामता निवासी मो. शाहबाज अंसारी और एक आदिवासी महिला को एक घर में कथित तौर पर बंधक बनाकर रखा गया है। सूचना मिलने के बाद टंडवा थाना प्रभारी पप्पू कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे। पुलिस दोनों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान युवक के कुछ समर्थकों द्वारा कथित तौर पर एस्बेस्टस की छत तोड़कर हंगामा किए जाने की बात सामने आई। पुलिस ने लोगों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन कुछ देर बाद भीड़ उग्र हो गई और पुलिसकर्मियों पर पत्थरबाजी शुरू कर दी।
पथराव में दो थानेदार घायल
अचानक हुए पथराव में टंडवा थाना प्रभारी पप्पू कुमार शर्मा और सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव घायल हो गए। पप्पू कुमार शर्मा के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट लगी है। थाना प्रभारी के मुताबिक, चोट के बाद उन्हें छह टांके लगाए गए। उनका प्राथमिक उपचार एनटीपीसी संजीवनी अस्पताल में कराया गया, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया। पुलिस के अनुसार, घटना में एक अन्य जवान के भी घायल होने की सूचना है।
पुलिस ने आत्मरक्षा में हवाई फायरिंग का दावा किया
टंडवा थाना प्रभारी पप्पू कुमार शर्मा के अनुसार, भीड़ लगातार उग्र हो रही थी और पुलिस टीम पर पथराव जारी था। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पहले लाठीचार्ज किया गया। उनका कहना है कि इसके बावजूद भीड़ पीछे नहीं हटी, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में चार राउंड हवा में फायरिंग की। पुलिस के अनुसार, फायरिंग का उद्देश्य किसी व्यक्ति को निशाना बनाना नहीं, बल्कि उग्र भीड़ को नियंत्रित करना और पुलिसकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना था। हालांकि, चतरा एसपी ने मौके पर पहुंचने के बाद हवाई फायरिंग को लेकर तत्काल स्पष्ट जानकारी नहीं दी थी।

कथित ऑडियो से सामने आया दूसरा पक्ष
घटना के बाद एक कथित ऑडियो भी सामने आया है। इसमें महिला के द्वारा कथित तौर पर दावा किया जा रहा है कि मो. शाहबाज अंसारी केवल अपना बकाया पैसा मांगने के लिए वहां आया था। ऑडियो में महिला ने आरोप लगाया है कि गांव के कुछ लोगों ने साजिश के तहत दोनों को फंसाने के लिए घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया था। हालांकि, इस ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए इसमें किए गए दावों को फिलहाल केवल आरोप के तौर पर देखा जा रहा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : झारखंड को केंद्र से 300 करोड़, पेयजल योजनाओं और जल जीवन मिशन को मिलेगी रफ्तार
एसपी ने गांव पहुंचकर लिया जायजा
घटना की गंभीरता को देखते हुए चतरा एसपी अनिमेष नैथानी देर रात भारी पुलिस बल के साथ सिदपा गांव पहुंचे। उन्होंने टंडवा थाना प्रभारी के घायल होने की पुष्टि की और मौके की स्थिति का जायजा लिया। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घटना को लेकर किसी भी अफवाह या अपुष्ट सूचना पर भरोसा न करें। अधिकारियों ने भ्रामक जानकारी और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। फिलहाल पुलिस महिला और युवक को कथित तौर पर बंधक बनाए जाने, ग्रामीणों के विरोध, पुलिस टीम पर पथराव और हवाई फायरिंग से जुड़े पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। गांव में स्थिति फिलहाल पुलिस की निगरानी में है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।


