बोकारो में हाथियों का झुंड तीन हिस्सों में बंटा, कई गांवों में अलर्ट, डीएफओ ने संभाला मोर्चा

Meenu | June 28, 2026 | 05:16 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,बोकारो :जिले में जंगली हाथियों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। करीब 30 हाथियों का झुंड तीन हिस्सों में बंट जाने के बाद वन विभाग ने कई गांवों में अलर्ट जारी किया है। स्थिति पर नजर रखने के लिए प्रभारी डीएफओ समेत वन विभाग के अधिकारी जंगल में कैंप कर रहे हैं। वन विभाग ने हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए पहाड़ी इलाकों की तलहटी में बसे गांवों के लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। अलर्ट जारी किए गए गांवों में महुआडांड़, धावइया, सिमराबेड़ा, दरहाबेड़ा, कुसुमडीह, कानीडीह, गागा, टीकाहारा, फुटकाडीह और कांडेर सहित कई गांव शामिल हैं।

यह भी पढ़ें :डीसी ने एमजीएम अस्पताल का औचक निरीक्षण किया, मलेरिया मरीजों से मिलकर जाना हाल

पहले से तैनात हैं क्यूआरटी टीमें

वन विभाग ने बताया कि क्षेत्र में पहले से दो क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) तैनात हैं। इसके अलावा कुजू, हजारीबाग और गोला की वन विभाग की टीमों को भी अलर्ट पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। प्रभारी डीएफओ संदीप शिंदे ने बताया कि हाथियों के झुंड में चार गर्भवती हथिनियां शामिल हैं। इस दौरान हथिनियां अपेक्षाकृत अधिक आक्रामक हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि वन विभाग हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

ग्रामीणों से सावधानी बरतने की अपील

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों के झुंड के पास जाने या उन्हें छेड़ने का प्रयास न करें। किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को दें, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Share this news

संबंधित खबरें