Samachar Post रिपोर्टर, चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा सदर थाना क्षेत्र स्थित टुंगरी मोहल्ले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। सड़क किनारे खड़ी कार के अंदर फंस जाने से पांच वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृत बच्ची की पहचान इशानी गोप के रूप में हुई है, जो एलकेजी की छात्रा थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इशानी अपने एक साथी के साथ स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान दोनों बच्चे रास्ते में खड़ी एक कार के अंदर जाकर बैठ गए। बताया जा रहा है कि बच्चों के कार में बैठने के बाद वाहन का दरवाजा लॉक हो गया, जिससे वे अंदर ही फंस गए। कुछ समय बाद कार के भीतर स्थिति बिगड़ने लगी। इस बीच साथ मौजूद बच्चा किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहा और उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी।
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा बच्ची को कार से बाहर निकालकर तत्काल चाईबासा सदर अस्पताल ले गए। हालांकि अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक आशंका है कि लंबे समय तक बंद वाहन के अंदर रहने के कारण बच्ची की तबीयत बिगड़ी। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: चित्तरंजन में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प, रेलवे आवास में तोड़फोड़; गोलीबारी की अफवाह से दहशत

लोगों से सतर्क रहने की अपील
इस घटना ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि गर्म मौसम में बंद वाहनों के अंदर तापमान तेजी से बढ़ सकता है, जिससे गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा हो सकते हैं। ऐसे में अभिभावकों को बच्चों पर विशेष नजर रखने और वाहनों को लॉक कर सुरक्षित रखने की सलाह दी जाती है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

