चित्तरंजन में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प, रेलवे आवास में तोड़फोड़; गोलीबारी की अफवाह से दहशत

Rupa Kumari | June 18, 2026 | 12:20 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जामताड़ा से सटे रेलवे नगरी चित्तरंजन के शांत आवासीय इलाके में बुधवार रात दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प से हड़कंप मच गया। रेलवे आवास क्षेत्र के स्ट्रीट नंबर 21 में हुई इस घटना में जमकर मारपीट और तोड़फोड़ की गई। वहीं, गोलीबारी की अफवाह फैलने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही चित्तरंजन थाना पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

वर्चस्व को लेकर भिड़े दो गुट

स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में लंबे समय से दो गुटों के बीच वर्चस्व को लेकर तनाव बना हुआ था। बुधवार रात करीब 9:30 बजे यह विवाद अचानक हिंसक रूप ले बैठा। बताया जा रहा है कि एक गुट के समर्थकों ने रेलवे आवास क्षेत्र में पहुंचकर दूसरे पक्ष के घर के बाहर हंगामा किया और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। हमलावरों ने घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल को क्षतिग्रस्त कर दिया तथा खिड़कियों और दरवाजों पर भी हमला किया। घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

गोलीबारी की अफवाह से सहमे लोग

झड़प और तोड़फोड़ के बीच इलाके में गोली चलने की चर्चा भी फैल गई। हालांकि पुलिस ने अभी तक गोलीबारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इसके बावजूद अफवाह फैलने से स्थानीय लोग भयभीत हो गए और कई परिवार घरों के भीतर ही दुबक गए। रात के समय हुई इस घटना के कारण पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल देखा गया। सूचना मिलते ही चित्तरंजन थाना पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही उपद्रवी मौके से फरार हो गए। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।

यह भी पढ़ें: जमशेदपुर में महिला से छिनतई कर भाग रहा बदमाश लोगों के हत्थे चढ़ा, पिटाई के बाद पुलिस को सौंपा

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश और गुटबाजी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि गोलीबारी की अफवाह की भी गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रेलवे कर्मियों और स्थानीय निवासियों का कहना है कि शांत माने जाने वाले रेलवे आवासीय क्षेत्र में इस तरह की घटना चिंताजनक है। लोगों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Share this news

संबंधित खबरें