जमशेदपुर में महिला से छिनतई कर भाग रहा बदमाश लोगों के हत्थे चढ़ा, पिटाई के बाद पुलिस को सौंपा

Rupa Kumari | June 18, 2026 | 12:14 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में बुधवार शाम छिनतई की एक घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शंकरपुर स्थित विद्यासागर पाली मेन रोड पर एक महिला से पर्स छीनकर भाग रहे युवक को स्थानीय लोगों ने पीछा कर पकड़ लिया। बाद में आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, पीड़िता सुनीता वर्मा अपने घर से विद्यासागर पाली की ओर जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए एक युवक ने उनका पर्स झपट लिया और मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा। महिला के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी का पीछा शुरू कर दिया।

गांधी मैदान के पास पकड़ाया आरोपी

स्थानीय लोगों ने कुछ दूरी पर गांधी मैदान के समीप आरोपी को पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तलाशी के दौरान महिला का मोबाइल फोन भी आरोपी के पास से बरामद हुआ। घटना से नाराज लोगों ने आरोपी की पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ से निकालकर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद उसे पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया।

यह भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव: महागठबंधन दोनों सीटें बड़े बहुमत से जीतेगा, दीपीका पांडेय सिंह का दावा

बैग में थे मोबाइल, नकदी और घर की चाबी

पीड़िता ने बताया कि उनके बैग में एक रियलमी मोबाइल फोन, करीब दो हजार रुपये नकद और घर की चाबी रखी हुई थी। छिनतई के बाद उन्हें आशंका थी कि उनका सामान वापस नहीं मिल पाएगा, लेकिन लोगों की सतर्कता से आरोपी पकड़ा गया। महिला ने आरोपी की पहचान शंकरपुर निवासी सूरज श्रीवास्तव उर्फ मार्कण्डेय के रूप में की है। बताया गया कि घटना के समय आरोपी ने सिर पर टोपी पहन रखी थी और चेहरे को आंशिक रूप से ढक रखा था।

पुलिस कर रही मामले की जांच

परसुडीह थाना पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी पहले भी किसी आपराधिक घटना में शामिल रहा है या नहीं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ रही छिनतई और चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Share this news

संबंधित खबरें