Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची के नामकुम रेलवे स्टेशन के समीप गुरुवार सुबह एक आरपीएफ जवान का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे पुलिस और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जवान का शव रेलवे ट्रैक के पास बरामद किया गया। घटनास्थल से उसका बैग भी मिला है। सुबह के समय शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई।
तीन दिन पहले ही नामकुम में हुई थी तैनाती
सूत्रों के अनुसार, मृतक आरपीएफ जवान की पोस्टिंग महज तीन दिन पहले सुइसा से नामकुम रेलवे स्टेशन में की गई थी। नई तैनाती के कुछ ही दिनों बाद हुई इस घटना ने रेलवे विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी स्तब्ध कर दिया है। हालांकि, अधिकारियों की ओर से अभी तक जवान की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।
यह भी पढ़ें: झारखंड राज्यसभा चुनाव 2026: प्रदीप प्रसाद और सीपी सिंह ने सबसे पहले डाला वोट, मतदान जारी
जांच में जुटी रेलवे पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए। रेलवे पुलिस अधिकारियों ने फिलहाल मामले में विस्तृत जानकारी देने से परहेज किया है। उनका कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी साझा की जाएगी।

परिजनों को दी गई सूचना
पुलिस ने मृतक जवान के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। इस घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल रेलवे पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

