राज्यसभा चुनाव: दोपहर 12 बजे तक 50 से अधिक विधायकों ने डाला वोट, मुकाबले पर सबकी नजर

Rupa Kumari | June 18, 2026 | 12:33 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है। विधानसभा भवन में बनाए गए मतदान केंद्र पर दोपहर 12 बजे तक 50 से अधिक विधायक अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे। चुनाव को लेकर विधानसभा परिसर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं और सभी दल अपने-अपने विधायकों के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए हैं। जानकारी के अनुसार, एनडीए के अधिकांश विधायक सुबह ही मतदान कर अपने आवास लौट गए, जबकि इंडिया गठबंधन के कई विधायक भी चरणबद्ध तरीके से मतदान प्रक्रिया में शामिल हो रहे हैं।

तीन उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर

राज्यसभा की दो सीटों के लिए इस बार तीन उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से बैद्यनाथ राम, कांग्रेस की ओर से प्रणव कुमार झा और भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इन तीनों उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला झारखंड विधानसभा के 81 विधायक करेंगे। यदि सभी विधायक मतदान करते हैं तो प्रथम वरीयता के आधार पर जीत के लिए एक उम्मीदवार को 28 मतों की आवश्यकता होगी।

शाम से शुरू होगी मतगणना

मतदान प्रक्रिया शाम 4 बजे तक चलेगी। इसके बाद शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी। चुनाव अधिकारियों के अनुसार, शाम तक परिणाम आने की संभावना है और पहले नतीजे 7 बजे के आसपास सामने आ सकते हैं। राजनीतिक दलों के नेता लगातार अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। मतदान के बाद एनडीए नेताओं ने भाजपा समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी की जीत का भरोसा जताया, जबकि महागठबंधन नेताओं ने कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा और झामुमो उम्मीदवार बैद्यनाथ राम की जीत का दावा किया।

यह भी पढ़ें: चाईबासा में खड़ी कार में फंसने से 5 साल की बच्ची की मौत, दम घुटने की आशंका

दोनों खेमों के दावे से बढ़ा सस्पेंस

राज्यसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन और एनडीए के बीच बयानबाजी भी तेज हो गई है। महागठबंधन का दावा है कि उसे 61 विधायकों का समर्थन प्राप्त है, जबकि एनडीए नेताओं का कहना है कि चुनाव परिणाम उनके पक्ष में चौंकाने वाले हो सकते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने भी दावा किया है कि एनडीए आवश्यक समर्थन जुटाने में सफल रहेगा।

दो खाली सीटों के लिए हो रहा चुनाव

झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए मतदान हो रहा है। इनमें एक सीट झामुमो संस्थापक शिबू सोरेन के निधन के बाद रिक्त हुई थी, जबकि दूसरी सीट भाजपा सांसद दीपक प्रकाश का कार्यकाल पूरा होने के बाद खाली हुई। विधानसभा में वर्तमान संख्या बल के अनुसार महागठबंधन के पास 56 विधायक हैं, जबकि एनडीए के पास 24 विधायक हैं। ऐसे में चुनावी गणित और संभावित क्रॉस वोटिंग को लेकर राजनीतिक हलकों में लगातार चर्चा बनी हुई है। अब सभी की नजर मतगणना और चुनाव परिणाम पर टिकी है, जो झारखंड की राजनीति में नया संदेश दे सकते हैं।

Share this news

संबंधित खबरें