Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : झारखंड के जमशेदपुर में कदमा थाना क्षेत्र के सोनारी ऑटो स्टैंड के पास एक युवक पर हमला और लूटपाट की घटना सामने आई है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आरोपियों पर सोने की चेन छीनने का भी आरोप है। पीड़ित की पहचान साकची निवासी कुणाल कुमार के रूप में हुई है। उसकी लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चाय पीते समय हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, कुणाल कुमार अपने कुछ दोस्तों के साथ सोनारी ऑटो स्टैंड के पास एक दुकान पर चाय पी रहा था। इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और पहले गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर मामला बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान एक युवक ने पिस्तौल की बट से कुणाल के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं दूसरे आरोपी ने चापड़ लेकर धमकी दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग दूर हट गए।
यह भी पढ़ें: खूंटी में हत्या का सनसनीखेज खुलासा: घर के पास वारदात कर शव जंगल में फेंका, एक्सीडेंट दिखाने की कोशिश; 3 गिरफ्तार

सोने की चेन छीनकर फरार
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि हमले के दौरान आरोपियों ने उसके गले से सोने की चेन भी छीन ली और मौके से फरार हो गए। किसी तरह घायल युवक वहां से निकलकर पुलिस के पास पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

