Samachar Post रिपोर्टर, चतरा: झारखंड के चतरा जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अफीम और डोडा बरामद किया है। सिमरिया थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जीवलाल गंझू और मो. फैजान मलिक के रूप में हुई है। दोनों सिमरिया क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने इनके पास से 7.196 किलो अफीम, 78.4 किलो डोडा, दो मोबाइल फोन और एक टीवीएस एक्सएल 100 बाइक बरामद की है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम बजराही के पास बगरा-चतरा रोड किनारे कुछ लोग अवैध रूप से अफीम की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के बाद सिमरिया एसडीपीओ के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम में अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह, एनडीपीएस थाना के एसआई मो. समी अंसारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
यह भी पढ़ें: रांची में एसी कॉपर वायर चोरी का खुलासा, कबाड़ी दुकानदार समेत दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस को देख भागने लगे आरोपी
छापेमारी टीम के मौके पर पहुंचते ही वहां मौजूद लोग पुलिस वाहन देखकर भागने लगे। पुलिस जवानों ने पीछा कर दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य जंगल की ओर फरार हो गए। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अफीम की खरीद-बिक्री के लिए वहां पहुंचे थे। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने टीवीएस एक्सएल 100 बाइक की डिक्की की तलाशी ली, जहां से दो प्लास्टिक डिब्बों में अफीम बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने जीवलाल गंझू के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां से एक केन में रखा अफीम और तीन प्लास्टिक बोरे में भरा डोडा बरामद किया गया। बरामद डोडा का कुल वजन 78.4 किलो बताया गया है।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार फरार आरोपियों की पहचान हैदर खान उर्फ दीवान और दिलावर खान के रूप में हुई है। दोनों ईचाक कला गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस की टीम दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।